फिर एक्टिव हुआ मॉनसून, कई राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, दिल्ली में लुढ़केगा तापमान

IMD Rain Alert: IMD के अनुसार, अगले कुछ दिनों में उत्तर, मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, राजस्थान, यूपी, बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं दिल्ली-एनसीआर में सोमवार से अच्छी बारिश होने की संभावना है.

Isha Gupta
नोएडा | Updated On: 19 Jul, 2026 | 04:31 PM

IMD Weather Update: देशभर में एक बार फिर मॉनसून रफ्तार पकड़ने जा रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले कुछ दिनों में उत्तर, मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. कई इलाकों में अत्यधिक बारिश, फ्लैश फ्लड, लैंडस्लाइड और जलभराव का खतरा भी जताया गया है. वहीं, दिल्ली-एनसीआर में भी गर्मी और उमस से राहत मिलने के आसार हैं. मौसम विभाग का अनुमान है कि राजधानी का अधिकतम तापमान कुछ ही दिनों में करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है.

दिल्ली में मिलेगी गर्मी से राहत

दिल्ली में रविवार तक गर्मी और उमस बनी रह सकती है. हालांकि सोमवार से मॉनसून की गतिविधियां तेज होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार से बुधवार के बीच राजधानी में कई जगहों पर गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश हो सकती है. रविवार को अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, लेकिन मंगलवार तक यह घटकर करीब 30 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है. इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

आईएमडी ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. कुछ इलाकों में बेहद भारी बारिश भी हो सकती है. पहाड़ी राज्यों में लगातार बारिश के कारण फ्लैश फ्लड, भूस्खलन और नदियों का जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है. मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है.

पूर्वोत्तर भारत में पूरे सप्ताह बरसेंगे बादल

पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून पूरे सप्ताह सक्रिय रहने की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में भारी बारिश के कारण जलभराव और स्थानीय बाढ़ की स्थिति भी बन सकती है.

मध्य और पूर्वी भारत में भी बारिश का दौर

मध्य भारत के मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश होने के आसार हैं. वहीं पूर्वी भारत के पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है. खासकर पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में अत्यधिक बारिश हो सकती है.

पश्चिम और दक्षिण भारत में भी रहेगा मॉनसून का असर

पश्चिम भारत के कोंकण, गोवा, गुजरात और महाराष्ट्र के कई इलाकों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं दक्षिण भारत के कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी मॉनसून सक्रिय रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है और तेज हवाएं भी चलने का अनुमान है. इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है.

सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने कहा है कि जिन इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, वहां रहने वाले लोग सतर्क रहें. नदियों और नालों के किनारे जाने से बचें, पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा सोच-समझकर करें और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 19 Jul, 2026 | 03:42 PM

लेटेस्ट न्यूज़