बारिश ने मचाई तबाही! दिल्ली से लेकर केरल तक अलर्ट, मूसलाधार बारिश और बिजली गिरने का खतरा

IMD Weather Update: देशभर में मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है. दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश के कारण जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है, जबकि IMD ने अगले 48 घंटे के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 8 Aug, 2026 | 07:11 AM

Weather Update: देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है. उत्तर भारत से लेकर दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों तक लगातार बारिश हो रही है. दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है. वहीं भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटों के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है. दूसरी ओर, दक्षिण भारत, पश्चिमी तट और पूर्वोत्तर राज्यों में भी तेज बारिश और बाढ़ का खतरा बना हुआ है.

दिल्ली-एनसीआर में बारिश से जनजीवन प्रभावित

दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही तेज बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. कई इलाकों में सड़कें पानी से भर गईं, जिससे घंटों लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा. दिल्ली के आईटीओ, मेहरौली-बदरपुर रोड, वजीराबाद रोड, पटेल रोड, रोहतक रोड, शाहीन बाग, कीर्ति नगर और दिल्ली-जयपुर हाईवे जैसे कई प्रमुख मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आए. मौसम विभाग ने राजधानी के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों को बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है.

उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुककर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. कई इलाकों में तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों में भी भारी बारिश का अनुमान है. ऐसे में भूस्खलन और अचानक बाढ़ जैसी घटनाओं का खतरा बना हुआ है.

राजस्थान और मध्य प्रदेश में बढ़ेगी बारिश

राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून फिर से सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने भरतपुर, जयपुर, अलवर, धौलपुर, सीकर, करौली और सवाई माधोपुर समेत कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. 7 से 10 अगस्त के बीच पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश और तेज होने की संभावना है. वहीं पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश में भी कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

दक्षिण भारत में भी मूसलाधार बारिश

केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने बताया है कि लगातार बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है और निचले इलाकों में जलभराव या बाढ़ की स्थिति बन सकती है. महाराष्ट्र और गुजरात के कई हिस्सों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ का खतरा

पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून का असर लगातार बना हुआ है. असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, त्रिपुरा, सिक्किम और मेघालय सहित कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है. इसके अलावा झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भी तेज बारिश का अनुमान है. लगातार बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं और कुछ इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने लगी है.

पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटीय इलाकों पर नजर

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके असर से पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, झाड़ग्राम और बांकुड़ा सहित कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भी अगले दो दिनों तक तेज बारिश की संभावना है. मछुआरों को पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटीय समुद्री क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी गई है.

केरल के कई जिलों में रेड अलर्ट

केरल में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. अलप्पुझा, कोट्टायम, एर्णाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, कन्नूर, कासरगोड, इडुक्की, मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड जैसे जिलों में तेज बारिश के साथ 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं तिरुवनंतपुरम, कोल्लम और लक्षद्वीप में येलो अलर्ट जारी किया गया है. यहां हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है.

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने भारी बारिश वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने, जलभराव वाले रास्तों से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है. पहाड़ी और नदी किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. आने वाले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में मॉनसून का असर जारी रहने की संभावना है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़