केरल में सुबह से लगातार हो रही भारी बारिश, 7 जिलों में रेड अलर्ट जारी.. स्कूलों में छुट्टियां घोषित

केरल में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच IMD ने 7 जिलों में रेड, 5 में ऑरेंज और 2 जिलों के साथ लक्षद्वीप में येलो अलर्ट जारी किया है. कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं. तटीय इलाकों के लिए स्वेल वेव (कल्लाक्कडल) की चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

Kisan India
नोएडा | Published: 7 Aug, 2026 | 02:54 PM

Kerala weather update: केरल में शुक्रवार सुबह से लगातार तेज बारिश हो रही है. इसे देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के 7 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन घंटों के दौरान अलाप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, कन्नूर और कासरगोड में कई स्थानों पर प्रति घंटे 15 मिमी से अधिक बारिश हो सकती है. साथ ही 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए कई जिलों में एहतियात के तौर पर स्कूलों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी गई है.

आईएमडी ने पथानामथिट्टा, इडुक्की, मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी  किया है. इन इलाकों में अगले कुछ घंटों के दौरान कई स्थानों पर 5 से 15 मिमी प्रति घंटे की रफ्तार से मध्यम बारिश और 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं, तिरुवनंतपुरम, कोल्लम और लक्षद्वीप के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. यहां हल्की से मध्यम बारिश और 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

भारी बारिश के बीच कई जिलों में स्कूल बंद

लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए एर्नाकुलम और त्रिशूर जिला प्रशासन ने शुक्रवार को स्कूलों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी है. इससे पहले पथानामथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में भी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया जा चुका था. लगातार बारिश के बीच कोट्टायम, पथानामथिट्टा और अलाप्पुझा के कुछ इलाकों में बाढ़ का पानी धीरे-धीरे उतरने लगा है. हालांकि, कई क्षेत्रों में अभी भी जलभराव  बना हुआ है और बड़ी संख्या में लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं.

1.5 मीटर ऊंची समुद्री लहरें उठने की संभावना

अधिकारियों के अनुसार, अलाप्पुझा जिले के अपर कुट्टनाड और कुट्टनाड इलाके अब भी पानी में डूबे हुए हैं, हालांकि यहां भी हालात धीरे-धीरे सुधर रहे हैं. वहीं, ऊंची लहरों, समुद्र का पानी तट पर आने (सी इन्कर्शन) और तेज हवाओं के कारण तटीय इलाके भी प्रभावित हुए हैं. भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (INCOIS) ने ‘कल्लाक्कडल’ (Swell Wave) की चेतावनी जारी की है. इसके तहत 1.1 से 1.5 मीटर ऊंची समुद्री लहरें उठने की संभावना है, जिससे तिरुवनंतपुरम, कोल्लम और अलाप्पुझा के तटीय क्षेत्रों में समुद्र का पानी अंदर तक आ सकता है.

तटीय क्षेत्रों के लोगों के लिए विशेष सुरक्षा सलाह

यह चेतावनी 7 अगस्त को प्रभावी रहेगी. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि निर्देश मिले तो संवेदनशील तटीय इलाकों  से सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं. साथ ही छोटी नावों और मछली पकड़ने वाली नौकाओं को समुद्र में न ले जाएं और ऊंची लहरों के दौरान उन्हें तट पर लाने से भी बचें. प्रशासन ने चेतावनी वापस लेने तक समुद्र तटों पर पर्यटन और मनोरंजन से जुड़ी सभी गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी है. साथ ही तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से समुद्री कटाव (कोस्टल इरोजन) की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़