उत्तर-पूर्व भारत में गरज-चमक के साथ तूफान की चेतावनी, मध्य प्रदेश, राजस्थान और यूपी में बढ़ेगी गर्मी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में बिजली चमकने और तूफान आने की संभावना व्यक्त की है. इन राज्यों में बादल छाए रहने के साथ तेज ठंडी हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है. अगले चार दिन में उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान में वृद्धि का भी अनुमान है.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Published: 4 Mar, 2026 | 07:17 AM

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर पूर्व के कई राज्यों में आज गरज-चमक के साथ आसमान में बादल छाए रहेंगे और तूफानी ठंडी हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है. छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बदरी छाने की संभावना है. वहीं, उत्तर भारत के पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में तापमान में बढ़ोत्तरी का अनुमान जताया गया है. जबकि, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में दोपहर बेहद गर्म रहने वाली है.

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आज अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में बिजली चमकने और तूफान आने की संभावना व्यक्त की है. इन राज्यों में बादल छाए रहने के साथ तेज ठंडी हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है. आईएमडी ने अपने अलर्ट में कहा है कि अगले चार दिन में उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का भी अनुमान है. वहीं, अगले दो से तीन दिन के दौरान कोंकण, गोवा और गुजरात में गर्म और उमस भरे मौसम की संभावना है.

राजस्थान में समय से पहले आ गई गर्मी, तापमान चढ़ा

राजस्थान में गर्मी की दस्तक समय से पहले ही शुरू हो गई है. अधिकतर स्थानों पर तेज धूप से गर्मी का अहसास बढ़ गया है. बीते दिन 17 जिलों में पारा 33 डिग्री सेल्सियस के पार रहने वाला है. वहीं तीन शहरों में 35 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार 36 दशमलव 5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ बाड़मेर सबसे गर्म रहा. प्रदेश के 4 शहरों में रात का पारा भी 20 डिग्री के पार मापा गया। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 7 डिग्री ऊपर दर्ज किया जा रहा है. मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है.

मध्य प्रदेश में लू का असर अप्रैल में दिखने लगेगा

मध्य प्रदेश में इस बार लू का असर अप्रैल और मई में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 1 मार्च से गर्मी का मौसम शुरू हो गया है और कई शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती प्रभाव के कारण भोपाल, इंदौर और ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में हल्की बारिश के आसार हैं.

छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में गरज-चमक की संभावना

छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित मौसम विभाग ने राज्य के बस्तर संभाग के कुछ जिलों में अगले बारह घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना जताई है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी छत्तीसगढ़ में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके कारण प्रदेश के कुछ जिलों में बादल छाए रहेंगे. वहीं, अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि वे खुले में रखे अनाज को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दें.

उत्तराखंड में बारिश की संभावना, हिमाचल में सूखा रहेगा

उत्तराखंड मौसम विभाग ने 4 मार्च को दिन का तापमान गर्म रहने की संभावना जताई है. जबकि, आगामी 8 और 9 मार्च के लिए उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. हिमाचल प्रदेश में मौसम सामान्य से गर्म रहने वाला है. जनवरी और फरवरी महीने में बारिश नहीं होने से मार्च में सूखा और गहराने की चेतावनी दी गई है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

तोरई की अच्छी पैदावार के लिए क्या जरूरी है?

लेटेस्ट न्यूज़