Weather Update: देशभर में गर्मी और बारिश के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 30 जून के लिए व्यापक मौसम अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में मॉनसून काफी सक्रिय रहेगा, जिससे भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. IMD ने कहा है कि कई राज्यों में दिनभर तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. कुछ इलाकों में लगातार और तीव्र वर्षा होने की भी संभावना है, जिससे जलभराव और स्थानीय स्तर पर परेशानी बढ़ सकती है. खासकर 30 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर व्यापक बारिश होने की संभावना है.
मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भी भारी बारिश का अनुमान जताया गया है. मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में कई राज्यों में मॉनसून की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, इसलिए स्थानीय प्रशासन और लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखनी चाहिए.
30 जून को झारखंड और ओडिशा में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 30 जून को झारखंड और ओडिशा में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. इन दोनों राज्यों के कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिल सकती है. वहीं, पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में लगातार भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. मॉनसून की सक्रियता के कारण इन राज्यों में मौसम अधिकतर बादलों से घिरा रहेगा और कई जगहों पर तेज बारिश हो सकती है.
- IMD का नया अपडेट, उत्तर भारत समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, कहीं लू तो कहीं आंधी का खतरा
- हरियाणा में DSR तकनीक को बढ़ावा, किसानों को दी जाएगी ट्रेनिंग.. अब खेती में घटेगी लागत
- गन्ना किसानों को बड़ी सौगात देने की तैयारी, सरकार ने समर्थन मूल्य 400 रुपये क्विंटल से ऊपर ले जाने के दिए संकेत
- दूध और हो सकता है महंगा, अगले दो महीनों में 4 फीसद तक बढ़ेंगी कीमतें.. इस वजह से गहराया संकट
दिल्ली और आसपास के इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं
IMD ने यह भी चेतावनी दी है कि बारिश के साथ कई क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. उधर, दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह मौसम गर्म और उमस भरा रहा. मॉनसून की देरी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में राजधानी और आसपास के इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आएगी.
तमिलनाडु में भी बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद
वहीं, तमिलनाडु में भी बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है. क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (RMC) ने राज्य के चार जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया है. मौसम विभाग के अनुसार, कर्नाटक से कन्याकुमारी सागर तक करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर बना चक्रवाती परिसंचरण (सर्कुलेशन) मौसम को प्रभावित कर रहा है, जिसके कारण कई क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.