जल्द मिलेगी लू और गर्मी से राहत, पंजाब सहित इन राज्यों में इस दिन हो सकती है बारिश

पिछले 24 घंटों में पंजाब में सबसे ज्यादा तापमान बठिंडा में दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान आदमपुर में 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. हरियाणा में इस दौरान सबसे अधिक तापमान भिवानी में 42.5 डिग्री सेल्सियस रहा.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 22 Apr, 2026 | 08:09 PM

Weather Updates: भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों को जल्द ही राहत मिलने वाली है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को उत्तर-पश्चिम भारत में चल रही हीटवेव की स्थिति को लेकर बड़ा अपडेट दिया है. उसने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में 26 से 28 अप्रैल के बीच बारिश होने की संभावना जताई गई है. इससे दिन के तापमान में गिरावट आने और लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि, हीटवेव और गर्म रातों की स्थिति 25 अप्रैल तक बनी रह सकती है.

IMD ने कहा है कि 26 से 28 अप्रैल के बीच पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान  के साथ हल्की बारिश हो सकती है. साथ ही उसने कहा है कि इस दौरान बिजली गिरने के साथ तेज हवाएं भी चलने की संभावना है. इससे मौसम में बदलाव होगा और गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है. पहले मौसम विभाग ने 24 अप्रैल तक हीटवेव और 26-27 अप्रैल को बारिश का अनुमान लगाया था.

बठिंडा में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रहा

पिछले 24 घंटों में पंजाब में सबसे ज्यादा तापमान बठिंडा में दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान आदमपुर में 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. हरियाणा में इस दौरान सबसे अधिक तापमान भिवानी में 42.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम तापमान करनाल में 19.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों में दोनों राज्यों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है.

पंजाब में 27 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है

मौसम विभाग (IMD) की 22 अप्रैल की रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब और हरियाणा  दोनों राज्यों में दिन के समय तापमान सामान्य से ज्यादा रहा. पंजाब में रात का तापमान भी सामान्य से अधिक दर्ज किया गया. दोनों राज्यों में मौसम पूरी तरह शुष्क यानी सूखा बना रहा. रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि 1 मार्च से 22 अप्रैल के बीच इस मौसम में हुई बारिश सामान्य औसत से ज्यादा रही है. हरियाणा में बारिश सामान्य से 33 प्रतिशत अधिक और पंजाब में 27 प्रतिशत अधिक दर्ज की गई है.

900 मीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मौजूद

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का एक नया सिस्टम ईरान के ऊपर सक्रिय है, जो समुद्र तल से लगभग 5,800 मीटर की ऊंचाई पर बना हुआ है. इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और पाकिस्तान के पास करीब 900 मीटर की ऊंचाई पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी मौजूद है. इन मौसमीय परिस्थितियों के कारण 24 और 25 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है. इस दौरान आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं की भी संभावना है. वहीं हिमाचल प्रदेश में 25 से 28 अप्रैल के बीच ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 22 Apr, 2026 | 08:07 PM
ज्ञान का सम्मान क्विज

भारत की सबसे छोटी गाय नस्ल का नाम क्या है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
उत्तर प्रदेश
विजेताओं के नाम
कन्हैया कुमार रंजन, समस्तीपुर, बिहार