17 राज्यों में आज दिखेगा मौसम का रौद्र रूप, आंधी के साथ बारिश का अलर्ट.. जानें UP का हाल

भारत मौसम विभाग ने 15 जून के लिए यूपी, बिहार समेत 17 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में हवा की रफ्तार 70-80 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. दिल्ली-एनसीआर, झारखंड, बंगाल, असम और पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बिगड़ने की आशंका है. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 15 Jun, 2026 | 07:18 AM

Weather Updates: देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 15 जून को उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 17 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई जगहों पर हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. तेज हवाओं की वजह से पेड़ गिरने और बिजली की लाइनों को नुकसान पहुंचने का खतरा भी बना हुआ है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है. खासकर बारिश के समय यात्रा करने वालों से घने पेड़ों और जंगल वाले रास्तों से बचने को कहा गया है.

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी राज्यों में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है. वहीं, दिल्ली-एनसीआर के लोगों को 15 जून को गर्मी से कुछ राहत  मिल सकती है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिन और शाम के समय राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश होने की संभावना है. इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

उत्तर प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 15 जून को मौसम खराब रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार मेरठ, नोएडा, आगरा, मथुरा, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर समेत कई इलाकों में बारिश के साथ तेज आंधी चलने की संभावना है. बिहार में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर और पूर्णिया समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.

पूर्वी भारत के राज्यों के लिए अलर्ट जारी

वहीं, पूर्वी भारत के राज्यों में भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. झारखंड के रांची, जमशेदपुर, बोकारो और धनबाद में भारी बारिश और तेज आंधी  की संभावना है. पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग, मालदा और कोलकाता में भी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है. पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के अनुसार असम के गुवाहाटी, डिब्रूगढ़ और जोरहाट में तेज बारिश और आंधी आने की संभावना है. बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है, इसलिए लोगों को खुले मैदानों और ऊंचे स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है.

पहाड़ी राज्यों में भी होगी बारिश

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम खराब रह सकता है. उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू और कांगड़ा में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. वहीं, पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग ने किसानों, यात्रियों और खुले में काम करने वाले लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 15 Jun, 2026 | 07:09 AM

लेटेस्ट न्यूज़