Weather Update: दिल्ली में शनिवार को तेज हवाओं, गरज-चमक और कुछ इलाकों में हुई बारिश से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली. लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक रहने वाली नहीं है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, रविवार यानी 24 मई से राजधानी में एक बार फिर हीटवेव का असर शुरू होने की संभावना है. आईएमडी ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में 24 से 29 मई तक हीटवेव चलने का अनुमान जताया है. वहीं 24 से 27 मई के बीच कई क्षेत्रों में गंभीर हीटवेव की स्थिति बन सकती है.
मौसम विभाग के मुताबिक, सप्ताह के अंत यानी 29 मई के आसपास ही गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. ऐसे में लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग के अनुसार धूल भरी आंधी और गरज-चमक के दौरान दिल्ली के कई इलाकों में तेज हवाएं चलीं. पूसा रोड पर हवा की रफ्तार 81 किमी प्रति घंटा, पालम में 56 किमी प्रति घंटा और प्रगति मैदान में 35 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई. तेज हवाओं के कारण पालम एयरपोर्ट पर दृश्यता भी काफी कम हो गई और केवल एक घंटे में यह 3,500 मीटर से घटकर 1,500 मीटर रह गई.
0.2 मिमी बारिश दर्ज की गई
मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में तेज और झोंकेदार हवाएं चल रही हैं, इसलिए लोगों को मौसम सामान्य होने तक घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई है. इस दौरान शहर के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की गई. मौसम विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार शनिवार सुबह 8:30 बजे तक दिल्ली के रिज क्षेत्र में शुक्रवार रात 11:30 बजे से शनिवार तड़के 2:30 बजे के बीच 0.2 मिमी बारिश दर्ज की गई. वहीं, पूसा इलाके में शनिवार सुबह 5:30 बजे से 8:30 बजे के बीच 2 मिमी बारिश हुई. इसके अलावा किसी अन्य मौसम केंद्र पर उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई.
- समय से पहले आ सकता है मानसून, जानिए यूपी-दिल्ली समेत अन्य राज्यों में कब होगी बारिश की एंट्री
- केरल में समय से पहले पहुंच सकता है मॉनसून, अगले 48 घंटे में मजबूत होगी मौसम प्रणाली
- कपास पर सरकार की बड़ी पहल, खेती करने पर फ्री में मिलेंगे प्रति एकड़ 4000 रुपये
- किसानों के लिए खुशखबरी! खाद की खुदरा कीमतों पर बड़ा अपडेट.. पढ़ें पूरी खबर
तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान
मौसम विभाग ने बाद में बताया कि तेज हवाओं और गरज-चमक वाला यह सिस्टम दिल्ली से दक्षिण-पूर्व दिशा की ओर आगे बढ़ गया है. हालांकि शनिवार को भी हल्की बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और धूल भरी आंधी की संभावना बनी हुई है. साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान है.
45 डिग्री पहुंच सकता है तापमान
दिल्ली में भीषण गर्मी का असर रात के समय भी कम नहीं हो रहा है. रात का तापमान सामान्य से कई डिग्री अधिक बना हुआ है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है. शहर के मौसम का प्रमुख केंद्र माने जाने वाले सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री ज्यादा है. पिछले कई दिनों से दिल्ली के अधिकांश इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है और हीटवेव जैसी स्थिति बनी हुई है. वहीं, गर्म रातों के कारण लोगों को लगातार उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है.