गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में 36°C तक पहुंचेगा तापमान..बढ़ेगी उमस

9 सितंबर को देश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का असर रहेगा. बिहार, ओडिशा, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट है. पश्चिम बंगाल के कई जिलों में 5 दिन तक बारिश हो सकती है. दिल्ली में हल्की बारिश के साथ गर्मी और उमस रहेगी. वहीं, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में मौसम गर्म और ज्यादातर शुष्क रहेगा.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 9 Sep, 2026 | 07:03 AM

मॉनसून की गतिविधियां जारी रहने के बीच मौसम विभाग ने 9 सितंबर को देश के कई हिस्सों में भारी बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली में बुधवार को मौसम गर्म और उमस भरा रह सकता है. अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दोपहर से शाम के बीच बहुत हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है.

हरियाणा-राजस्थान में 9 सितंबर को गर्मी

हरियाणा में बुधवार यानी 9 सितंबर को मौसम गर्म रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. राज्य में ज्यादातर जगह मौसम शुष्क रहेगा और फिलहाल बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. वहीं, राजस्थान में भी मौसम गर्म और ज्यादातर साफ रहने का अनुमान है. यहां तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान  के लिए भी मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है.

बिहार-ओडिशा में बारिश और आंधी का अलर्ट

बिहार में बुधवार को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. कई जगह गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने राज्य में भारी बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की है. ओडिशा में भी कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. यहां भारी बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अलर्ट है. वहीं, हिमाचल प्रदेश में दोपहर के समय कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. राज्य में फिलहाल कोई बड़ा मौसम अलर्ट नहीं है.

उत्तराखंड में बारिश-आंधी का अलर्ट

उत्तराखंड में बुधवार को मौसम बदल सकता है. कई इलाकों में बादल छाए रहने और दोपहर के समय बारिश होने के आसार हैं. मौसम विभाग ने कुछ जिलों में तेज बारिश के साथ आंधी, बिजली गिरने और भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं, पंजाब में मौसम गर्म और धूप वाला रहेगा. तापमान करीब 38°C तक पहुंच सकता है. पंजाब के लिए 9 सितंबर को फिलहाल कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है.

पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

पश्चिम बंगाल में बुधवार से बारिश बढ़ने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मॉनसून ट्रफ के कारण कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. पूर्व बर्धमान, हुगली, बांकुड़ा, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना में गुरुवार तक भारी बारिश के आसार हैं. वहीं, दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार में अगले 5 दिनों तक तेज बारिश हो सकती है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 9 Sep, 2026 | 06:57 AM

लेटेस्ट न्यूज़