Weather Update June 18: भीषण गर्मी से जल्द ही राहत मिलने वाली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि 18 जून से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. इसके प्रभाव से कई इलाकों में बारिश, तेज हवाएं और तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. IMD ने कहा है कि 18 से 23 जून के बीच देश के कई हिस्सों में मौसम के बड़े बदलाव देखने को मिलेगा. उसके अनुसार, राजस्थान में 18 से 19 जून के बीच धूल भरी आंधी (डस्ट स्टॉर्म) चलने की संभावना जताई गई है. वहीं, बिहार, उत्तर पर्देश और मध्य प्रदेश में फिर से लू चलने की संभावना है.
मौसम विभाग ने कहा है कि 18 से 23 जून के दौरान उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में बारिश हो सकती है. इस दौरान दिल्ली, चंडीगढ़ और पंजाब में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और आंधी आने के आसार हैं. वहीं, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 20 से 23 जून के बीच अच्छी और व्यापक बारिश होने की संभावना है. महाराष्ट्र और गोवा के ज्यादातर हिस्सों में भी इस दौरान रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में कैसा रहेगा मौसम
पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 18 से 23 जून के बीच कई जगहों पर व्यापक बारिश होने की संभावना जताई गई है. IMD के अनुसार, दक्षिण भारत में भी इस सप्ताह मौसम सक्रिय रहेगा. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 18 से 21 जून के बीच कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं केरल और माहे में 21 से 23 जून के दौरान तेज बारिश होने की संभावना है.
- सूखा स्थिति के चलते खरीफ फसलों की बुवाई रोकने के निर्देश, इमर्जेंसी फसल मॉडल अपनाएंगे किसान
- मॉनसून की दस्तक के साथ ही बदला मौसम का मिजाज, 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
- इस घास से सुधरेगी मिट्टी की सेहत और बढ़ेगी उर्वरता, चारे की समस्या भी होगी दूर.. विशेष अभियान शुरू
- तेजी से गिर रहा भूजल स्तर, पेयजल आपूर्ति पर गहरा सकता है संकट.. स्थिति बहुत गंभीर
किसानों को सतर्क रहने की सलाह
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने केरल और तमिलनाडु के किसानों को भारी बारिश के मद्देनजर सतर्क रहने की सलाह दी है. विभाग ने कहा है कि किसान धान, मोटे अनाज, गन्ना, मूंगफली, सब्जियां और केला, नारियल, अदरक व काली मिर्च जैसी फसलों की बेहतर जल निकासी (ड्रेनेज) व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि तेज बारिश से फसलों को नुकसान न हो. भारत में खरीफ सीजन की बुवाई जून में मॉनसून की शुरुआत के साथ शुरू होती है, जबकि इसकी कटाई सितंबर-अक्टूबर के आसपास होती है. देश की कुल कृषि उपज का लगभग आधा हिस्सा खरीफ सीजन से मिलता है.
यूपी- बिहार में कैसा रहेगा मौसम
इसी बीच मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि देश के कई हिस्सों में लू (हीटवेव) का असर जारी रह सकता है. 18 जून को बिहार और ओडिशा के कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना है. वहीं मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 18 से 21 जून तक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 18 से 22 जून तक और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 से 22 जून तक लू का असर रह सकता है. इसके अलावा महाराष्ट्र, तेलंगाना, मराठवाड़ा और विदर्भ के कुछ हिस्सों में भी अलग-अलग दिनों में गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
दिल्ली में हो सकती है बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, नई दिल्ली में 18 और 19 जून को शाम के समय हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ बादल छाने, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने कहा है कि इस दौरान दिल्ली का मौसम अस्थिर रह सकता है और अचानक मौसम बदलने की स्थिति बन सकती है.
60 फीसदी जिलों में सामान्य से कम बारिश
वहीं, 1 जून से 16 जून के बीच देश के करीब 60 फीसदी जिलों में सामान्य से कम या बहुत कम बारिश दर्ज की गई है. ऐसे में नए पश्चिमी विक्षोभ से उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों को राहत मिलने की उम्मीद है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, 1 से 16 जून के बीच देश के 741 जिलों में से 245 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई, जबकि 214 जिलों में बारिश की स्थिति बेहद खराब रही.