Today’s Weather Update: देश के कई हिस्सों में गर्मी से परेशान लोगों को आने वाले दिनों में राहत मिल सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत समेत कई राज्यों में प्री-मॉनसून तेज होने वाली हैं. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई इलाकों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ मौसम बदलने की संभावना है.
IMD का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में बादल छाए रह सकते हैं और कई जगहों पर आंधी-तूफान के साथ बारिश भी हो सकती है. इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलेगी.
दिल्ली-एनसीआर में फिर बदलेगा मौसम
दिल्ली और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को अगले कुछ दिनों में गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, 6 और 7 जून को दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश होने की संभावना है. इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है. इसके अलावा, 10 और 11 जून के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. इसके असर से दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में फिर से बारिश हो सकती है.
उत्तर प्रदेश में कई दौर की बारिश के संकेत
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 6 जून को बारिश की संभावना है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 6 जून के साथ-साथ 10 और 11 जून को भी बारिश होने के आसार हैं. किसानों के लिए यह बारिश फायदेमंद साबित हो सकती है, क्योंकि खरीफ सीजन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. हालांकि तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए सावधानी बरतने की भी जरूरत है.
राजस्थान और मध्य प्रदेश में आंधी-तूफान का असर
राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम लगातार बदल सकता है. पूर्वी राजस्थान में 6 से 11 जून तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है. कुछ इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
मध्य प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में 6 से 9 जून के बीच बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
मौसम संबंधी चेतावनी
मुख्य बिंदु
(i) दक्षिण-पश्चिम मानसून आज, 5 जून 2026 को कर्नाटक, तमिलनाडु तथा गोवा के कुछ और भागों में आगे बढ़ गया है।
(ii) अगले 7 दिनों के दौरान केरल एवं कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा (7-20 सेमी) तथा तमिलनाडु में अलग-अलग स्थानों पर… pic.twitter.com/BYsZbaBaBY
— India Meteorological Department (@Indiametdept) June 5, 2026
महाराष्ट्र, गोवा और गुजरात में बारिश का दौर
पश्चिम भारत के राज्यों में भी बारिश की गतिविधियां तेज हो रही हैं. गोवा, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, गुजरात और सौराष्ट्र क्षेत्र में 11 जून तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है.
गोवा और कोंकण क्षेत्र में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है. लगातार बारिश से तापमान में कमी आएगी, लेकिन कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है.
भारत में मजबूत हो रहा मॉनसून
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून धीरे-धीरे देश के कई हिस्सों में आगे बढ़ रहा है. केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और गोवा में मॉनसून का असर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, केरल और कर्नाटक में अगले एक हफ्ते तक भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, तमिलनाडु के कुछ इलाकों में भी तेज बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. समय पर बारिश होने से किसानों को भी राहत मिलेगी और खरीफ फसलों की बुवाई में मदद मिल सकती है.
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में अगले सात दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है. कई इलाकों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है. IMD का मानना है कि मॉनसून धीरे-धीरे पूर्वी और मध्य भारत की ओर बढ़ेगा और जून के अंत तक दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों में पहुंच सकता है.
लोगों को क्या सावधानी बरतनी चाहिए?
मौसम विभाग ने लोगों को आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है. किसानों को भी मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और खेतों में जरूरी सावधानी बरतने की जरूरत है. आने वाले दिनों में बारिश और बादलों की वजह से गर्मी से राहत जरूर मिलेगी, लेकिन बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहना भी उतना ही जरूरी होगा.