आज से सक्रिय हो रहा है पश्चिमी विक्षोभ, कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना.. अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार 9 से 11 फरवरी के बीच नए मौसमी सिस्टम सक्रिय हो सकते हैं, जिससे ये हालात आगे भी जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में न्यूनतम तापमान 0 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे पहाड़ी इलाकों में ठंड बरकरार है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 9 Feb, 2026 | 08:16 AM

Weather Update: उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों की ओर एक नया मौसम तंत्र बढ़ रहा है, जिससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 9 फरवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा. इसके असर से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है. यह असर 9 से 11 फरवरी के बीच हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड तक फैलेगा. 10 फरवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.

जहां पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की तैयारी है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड अब धीरे-धीरे कम हो रही है. मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. हाल ही में पूर्वी राजस्थान के फतेहपुर में मैदानी इलाकों का सबसे कम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. मध्य भारत में भी आने वाले दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है. वहीं दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा.

कोहरे से राहत फिलहाल नहीं मिलेगी

हालांकि, उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में कोहरे से राहत फिलहाल नहीं मिलेगी. उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में 10 फरवरी तक सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा  छाए रहने का अनुमान है. बरेली और गोरखपुर में दृश्यता शून्य मीटर तक पहुंच चुकी है, जिससे सड़कों पर सफर करना जोखिम भरा बना हुआ है. उत्तर भारत के अलावा उत्तरी तमिलनाडु, बिहार और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी 9 फरवरी तक सुबह के समय कोहरा छाए रहने की संभावना है. इससे इन क्षेत्रों में दृश्यता कम हो सकती है और सुबह के समय आवाजाही प्रभावित रह सकती है.

नए मौसमी सिस्टम सक्रिय हो सकते हैं

मौसम विभाग के अनुसार 9 से 11 फरवरी के बीच नए मौसमी सिस्टम सक्रिय हो सकते हैं, जिससे ये हालात आगे भी जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में न्यूनतम तापमान 0 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे पहाड़ी इलाकों में ठंड बरकरार है. वहीं मैदानी क्षेत्रों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, छत्तीसगढ़ और बिहार में न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है.

10 फरवरी तक कोहरे की चेतावनी जारी

मौसम विभाग ने सात राज्यों में 10 फरवरी तक कोहरे की चेतावनी जारी की है. उत्तर प्रदेश में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने की संभावना है. इसी तरह उत्तराखंड, उत्तरी तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, बिहार, असम और मेघालय में भी ऐसे हालात रह सकते हैं, जिससे सड़क और रेल यात्रा प्रभावित हो सकती है. दिल्ली-एनसीआर में मौसम स्थिर लेकिन ठंडा रहेगा. 9 फरवरी को आंशिक बादल और सुबह हल्की धुंध  रह सकती है. अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री और न्यूनतम 8 से 10 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है. 10 फरवरी को भी ऐसा ही मौसम रहेगा, हालांकि तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 9 Feb, 2026 | 07:41 AM

केला जल्दी काला क्यों पड़ जाता है?