Maharashtra News: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच महाराष्ट्र के विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स और राज्य में चल रही जनकल्याण योजनाओं पर चर्चा हुई. सीएम फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को महाराष्ट्र में चल रहे बड़े प्रोजेक्ट्स की प्रगति और मौजूदा स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी दी. साथ ही प्याज की गिरती कीमतों को लेकर भी चर्चा हुई.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुलाकात के दौरान उन्होंने पीएम मोदी से महाराष्ट्र में प्याज किसानों को राहत देने के लिए खरीद व्यवस्था और कीमतों को लेकर बड़े बदलाव की मांग की है. राज्य सरकार ने NAFED से प्याज की खरीद 2 लाख टन से बढ़ाकर 10 लाख टन करने का प्रस्ताव दिया है. साथ ही सरकारी एजेंसियों से सीधे किसानों से खरीद करने की बात कही गई है, ताकि बिचौलियों की भूमिका खत्म हो सके.
Chief Minister of Maharashtra, Shri @Dev_Fadnavis had a meeting with Prime Minister @narendramodi today.@CMOMaharashtra pic.twitter.com/n3xvSDJK9z
और पढ़ें— PMO India (@PMOIndia) May 28, 2026
प्याज पर हो सकता है बड़ा फैसला
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि प्याज की खरीद कीमत पहले ही बढ़ाकर 15.80 रुपये प्रति किलो की जा चुकी है और इसे और बढ़ाने पर भी विचार चल रहा है. इस पर अगले 10 दिनों में फैसला आने की संभावना है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीसने कहा कि कई सरकारी एजेंसियां गुणवत्ता का कारण बताकर किसानों से प्याज खरीदने से इनकार कर रही हैं. इस समस्या को खत्म करने के लिए ग्रेडिंग सिस्टम को सरल बनाने की जरूरत बताई गई है. इसके अलावा राज्य सरकार ने प्याज के निर्यात पर लगने वाले अतिरिक्त शुल्क (export surcharge) को कम या तर्कसंगत बनाने की मांग की है, ताकि स्थानीय बाजार में प्याज की कीमतें स्थिर रह सकें और किसानों को राहत मिल सके.
बैठक में महाराष्ट्र के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर चर्चा
फडणवीस ने यह भी बताया कि बैठक में महाराष्ट्र के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, किसानों को राहत देने के उपाय और सहकारी क्षेत्र को मजबूत करने जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई. वहीं, फडणवीस ने इस मुलाकात को सकारात्मक और प्रेरणादायक बताया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री से मिलना हमेशा नई ऊर्जा और उत्साह देने वाला अनुभव होता है. हालांकि, बैठक में किन-किन खास प्रोजेक्ट्स पर बात हुई, इसकी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई.
प्याज उत्पादक किसान
मुलाकात के दौरान फडणवीस के हाथ में एक मोटी फाइल भी देखी गई, जिससे यह संकेत मिला कि चर्चा कई महत्वपूर्ण योजनाओं से जुड़ी थी. सूत्रों के अनुसार महाराष्ट्र में ईंधन, खासकर डीजल की भारी कमी की स्थिति बनी हुई है. इसके अलावा प्याज और गन्ना किसानों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि प्याज और चीनी के दामों में गिरावट के चलते किसान विरोध कर रहे हैं. प्याज उत्पादक किसान राहत पैकेज की मांग कर रहे हैं.