अंडे की कीमतों में उछाल, तमिलनाडु में फार्म गेट रेट 6.80 रुपये.. रिटेल मार्केट में 9 रुपये पीस भाव

तमिलनाडु के नामक्कल में अंडे की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं. भीषण गर्मी, उत्पादन में कमी और मक्का-सोयाबीन जैसे पोल्ट्री फीड की महंगाई से सप्लाई प्रभावित हुई है. NECC ने खरीद मूल्य 6.80 रुपये प्रति अंडा कर दिया है. फीड महंगा होने से चिकन के दाम भी बढ़े हैं और उद्योग ने चारे की कमी पर चिंता जताई है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 24 Jul, 2026 | 09:29 AM

देश के सबसे बड़े अंडा उत्पादन केंद्र तमिलनाडु के नामक्कल में अंडे की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं. कीमतों मे बढ़ोतरी का आलम यह है कि अंडे का फार्म गेट रेट 6.80 रुपये पीस हो गया है. वहीं, रिटेल मार्केट में यह 8 से 9 रुपये पीस बिक रहा है. एक्सपर्ट का कहना है कि लंबे समय तक चली गर्मी, उत्पादन में कमी और पोल्ट्री फीड की बढ़ती लागत के कारण अंडों की सप्लाई घट गई है. वहीं, मांग लगातार मजबूत बनी हुई है, जिससे कीमतों में तेजी आई है. पोल्ट्री उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि आने वाले हफ्तों में कीमतें और बढ़ सकती हैं.

नेशनल एग कोऑर्डिनेशन कमेटी (NECC) ने 13 जुलाई को अंडे का खरीद मूल्य बढ़ाकर 6.65 रुपये प्रति अंडा कर दिया था, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर था. इसके बाद 16 जुलाई से नामक्कल में खरीद मूल्य 6.80 रुपये प्रति अंडा पर बना हुआ है. खुदरा बाजार में कई जगह अंडे 8 रुपये प्रति पीस तक बिक रहे हैं, जबकि केरल के कुछ इलाकों में इसकी कीमत 8.50 से 9 रुपये प्रति अंडा पहुंच गई है.

जून से दाम लगातार बढ़ने लगे

पिछले साल रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद अंडे की कीमतों में कुछ समय के लिए गिरावट आई थी, लेकिन जून से दाम फिर लगातार बढ़ने लगे. नेशनल एग कोऑर्डिनेशन कमेटी (NECC) के अनुसार, 1 जून को अंडे का खरीद मूल्य 5.70 रुपये था, जो बढ़कर 17 जून को 6.45 रुपये, 26 जून को 6.50 रुपये, 10 जुलाई को 6.55 रुपये, 12 जुलाई को 6.60 रुपये और 13 जुलाई को 6.65 रुपये प्रति अंडा हो गया. NECC उत्पादन और बाजार की मांग के आधार पर थोक खरीद मूल्य तय करती है.

नामक्कल देश का सबसे बड़ा अंडा उत्पादन केंद्र

पोल्ट्री उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी का असर अब दिखाई दे रहा है. दरअसल, इस समय बाजार में आने वाली मुर्गियां सबसे ज्यादा गर्मी के दौरान पैदा हुई थीं, जिससे अंडा उत्पादन प्रभावित हुआ है. तमिलनाडु का नामक्कल देश का सबसे बड़ा अंडा उत्पादन केंद्र  है. यहां करीब 1,100 पोल्ट्री फार्म हैं, जिनमें 7 करोड़ से अधिक मुर्गियां हैं. यहां हर दिन लगभग 6 करोड़ अंडों का उत्पादन होता है, जिनकी आपूर्ति मिड-डे मील योजना, कई राज्यों और निर्यात बाजारों में की जाती है.

अंडा उत्पादन में गिरावट

पोल्ट्री कारोबारी एन.के. सरवनकुमार ने बिजनेसलाइन से कहा कि इस साल अंडे का फार्म गेट भाव बढ़कर 6.80 रुपये प्रति अंडा हो गया है, जबकि इससे पहले सबसे अधिक कीमत 6.40 रुपये थी. तीन महीने पहले खुदरा बाजार में अंडा 5 से 6 रुपये में बिक रहा था, जो अब बढ़कर करीब 8 रुपये प्रति अंडा हो गया है. उन्होंने बताया कि नामक्कल में रोजाना 9 करोड़ अंडे उत्पादन करने की क्षमता है, लेकिन फिलहाल केवल करीब 6 करोड़ अंडों का ही उत्पादन हो रहा है. इसकी मुख्य वजह खराब मौसम और उत्पादन लागत में बढ़ोतरी है.

पोल्ट्री फीड की कीमत में इजाफा

सरवनकुमार के मुताबिक, पिछले तीन महीनों में पोल्ट्री फीड के प्रमुख घटक मक्का का दाम  23 रुपये से बढ़कर 28 रुपये प्रति किलो हो गया है. वहीं, सोयाबीन की कीमत 45 रुपये से बढ़कर 71 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है. फीड महंगा होने के कारण कई पोल्ट्री उत्पादकों ने उत्पादन कम कर दिया है. तमिलनाडु पोल्ट्री फार्मर्स कोऑपरेटिव सोसाइटी के अध्यक्ष वंगिली सुब्रमण्यम ने कहा कि अंडों की कीमत बढ़ने के बावजूद फीड और अन्य इनपुट लागत में भारी बढ़ोतरी से किसानों का मुनाफा कम हो गया है.

क्या होता है फार्म गेट रेट

फार्म गेट रेट (Farm Gate Price) वह कीमत होती है, जो किसान को अपनी फसल सीधे खेत से बेचने पर मिलती है. इसमें फसल को मंडी तक ले जाने का खर्च, बाजार शुल्क, कमीशन या बिचौलियों का मुनाफा शामिल नहीं होता. यानी, किसान के हाथ में सीधे आने वाली वास्तविक कीमत को फार्म गेट रेट कहा जाता है.

 

 

 

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 24 Jul, 2026 | 09:18 AM

लेटेस्ट न्यूज़