बिहार में फिर से शुरू होंगी 2 शुगर मिलें, गन्ना आपूर्ति के लिए 2401 गांव आरक्षित

बिहार सरकार ने गन्ना किसानों के लिए कई कदम उठाए हैं. बंद शुगर मिलों को पुनर्जीवित किया जा रहा है और गन्ना की खेती बढ़ाने के लिए किसानों को मुफ्त बीज दिए जा रहे हैं. दरभंगा और मधुबनी के हजारों गांवों से गन्ना मिलों को सप्लाई किया जाएगा.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 21 Feb, 2026 | 04:00 PM

Bihar sugarcane farmers: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार बिहार में गन्ना किसानों के हित में ताबड़तोड़ फैसले ले रही है. वह बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से शुरू कर रही है. साथ ही गन्ना के रकबे को बढ़ावा दिया जा रहा है. इसके लिए किसानों को गन्ना की खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है. किसानों को फ्री में गन्ने के बीज दिए जा रहे हैं. इसी बीच शुगर कैन इंडस्ट्रीज विभाग ने सकरी और राय्याम शुगर मिलों को पुनर्जीवित करने का फैसला लिया है. खास बात यह है कि विभाग ने सकरी और राय्याम शुगर मिलों को पुनर्जीवित करने के लिए दरभंगा और मधुबनी जिलों के 2,401 गांवों का गन्ना आरक्षित किया है. सरकार को उम्मीद है कि इससे किसानों की कमाई में बढ़ोतरी होगी.

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एक अधिकारी ने कहा कि दरभंगा में स्थित राय्याम शुगर मिल के लिए 1,018 गांवों के किसान गन्ना देंगे, जबकि मधुबनी की सकरी शुगर मिल के लिए 1,383 गांवों के किसान गन्ना सप्लाई करेंगे. यह कदम दोनों मिलों में पर्याप्त गन्ना आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है. अधिकारी ने कहा कि दोनों बंद शुगर मिलों को राज्य के सहकारी विभाग द्वारा पुनर्जीवित  और संचालित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि मधुबनी के 686 और दरभंगा के 697 गांवों के किसानों को सकरी शुगर मिल के लिए गन्ना देने का सुझाव दिया गया है. इसी तरह, मधुबनी के 438 और दरभंगा के 580 गांवों के किसान राय्याम शुगर मिल को गन्ना सप्लाई करेंगे.

25 नई शुगर मिलें स्थापित करने का प्रस्ताव मंजूर किया

2025 तक बिहार में 18 शुगर मिलें बंद हैं, जिनमें से 15 पहले बिहार स्टेट शुगर कॉर्पोरेशन  द्वारा संचालित होती थी. नवंबर 2025 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने इन बंद मिलों में से नौ को फिर से शुरू करने और राज्य में 25 नई शुगर मिलें स्थापित करने का प्रस्ताव मंजूर किया.

बिहार में गन्ना किसानों को फ्री में मिलेंगे बीज

बता दें कि पिछले हफ्ते खबर सामने आई थी कि गया जिले में गन्ना किसानों को सरकार फ्री में बीज  दे रही है. किसानों को 5 एकड़ तक की खेती के लिए निशुल्क बीज मिलेंगे, ताकि वे अधिक उत्पादन कर सकें. गन्ना विभाग के अधिकारी किसानों को खेती के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं. निशुल्क बीज पाने के लिए किसानों को केन केयर पोर्टल पर आवेदन करना होगा. गया जिले में गन्ना विभाग ने 150 एकड़ में गन्ना खेती का लक्ष्य रखा है, जिसमें अब तक 85 एकड़ पूरी हो चुकी हैं. बाकी के लक्ष्य के लिए किसानों से लगातार आवेदन मांगे जा रहे हैं. जिले में वर्तमान में लगभग 95 हेक्टेयर में रोप मेन फसल और 20 हेक्टेयर में खूंटी गन्ना की खेती होती है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 21 Feb, 2026 | 03:56 PM

आम में सबसे ज्यादा पाया जाने वाला विटामिन कौन सा है?