लखपति दीदियों को लेकर शिवराज का ऐलान, विकसित भारत को लेकर भी कही बड़ी बात.. जानें क्या है प्लान

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हैदराबाद में ‘लखपति दीदी’ अभियान का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि 10 करोड़ महिलाओं को सेल्फ हेल्प ग्रुप से जोड़ा गया, 3 करोड़ दीदियां लखपति बन चुकी हैं. महिलाएं कृषि और वित्त में सक्रिय हैं. बैंक सिर्फ ऋणदाता नहीं, बल्कि विकास के साझेदार बनें.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 21 Feb, 2026 | 05:36 PM

Agriculture News: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जब तक आर्थिक आत्मनिर्भरता गांवों और महिलाओं तक नहीं पहुंचेगी, तब तक विकसित भारत का सपना पूरा नहीं होगा. उन्होंने बैंक अधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि बैंक केवल लेनदेन का केंद्र नहीं, बल्कि समग्र विकास और समृद्धि के साझेदार हैं. बैंक गरीबों को सिर्फ ऋण नहीं देते, बल्कि उनके भविष्य को दिशा देते हैं. इसलिए बैंकों को सिर्फ लेंडर नहीं, बल्कि पार्टनर बनकर काम करना चाहिए और जीरो रिजेक्शन का लक्ष्य अपनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि देश में 3 करोड़ दीदियां लखपति दीदी बन चुकी हैं.

दरअसल, हैदराबाद में आयोजित केंद्रीय स्तरीय समन्वय समिति की 25वीं बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ये बातें कहीं. इस दौरान उन्होंने ‘लखपति दीदी’ अभियान को महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा  में बड़ा कदम बताया. उन्होंने कहा कि जब वे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने ‘लाडली लक्ष्मी योजना’ शुरू की थी, ताकि बेटियों को जन्म से ही आर्थिक सुरक्षा मिले और वे 21 साल की उम्र तक आत्मनिर्भर बन सकें. उनका कहना था कि उन्होंने गांवों में महिलाओं की कठिन परिस्थितियां देखीं, जिससे उन्हें ऐसी योजनाएं बनाने की प्रेरणा मिली.

आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभा रही हैं

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज महिलाएं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं और विकसित व आत्मनिर्भर भारत  के निर्माण में अहम भूमिका निभा रही हैं. उन्होंने बताया कि गांवों की महिलाएं ‘कृषि सखी’ बनकर खेती को आधुनिक तकनीक से जोड़ रही हैं और ‘बैंक सखी’ के रूप में वित्तीय व्यवस्था को मजबूत कर रही हैं. उन्होंने जोर दिया कि आर्थिक आत्मनिर्भरता के बिना विकास संभव नहीं है और महिलाओं तक पूंजी और निवेश की पहुंच जरूरी है, ताकि वे देश की अर्थव्यवस्था में और बड़ा योगदान दे सकें.

केवल योजना नहीं, बल्कि एक मिशन है

उन्होंने प्रधानमंत्री की जनधन योजना की सराहना करते हुए कहा कि आज गरीब से गरीब व्यक्ति का भी बैंक खाता  खुल चुका है और डिजिटल भुगतान से नई पहचान मिली है. खासकर महिलाओं के संदर्भ में उन्होंने कहा कि उन्हें लोन देना जोखिम नहीं, बल्कि सबसे सुरक्षित निवेश है. नई ‘इंडिविजुअल एंटरप्राइज लोन सिस्टम’ योजना से ऋण प्रक्रिया आसान होगी और महिलाएं उद्यमी बन सकेंगी. उन्होंने जोर देकर कहा कि महिला सशक्तिकरण सरकार के लिए केवल योजना नहीं, बल्कि एक मिशन है.

10 करोड़ से अधिक बहनें हमारे सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी हैं

शिवराज ने कहा कि पिछले वर्षों में कितनी बड़ी क्रांति हुई है. 10 करोड़ से अधिक बहनें हमारे सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी हैं. उन्होंने कहा कि 10 करोड़ बहन का मतलब है लगभग 40 करोड़ लोग तो जुड़े होंगे. उन्होंने कहा कि 3 करोड़ दीदियां लखपति दीदी बन चुकी हैं. शिवराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने तय किया था 2027 तक 3 करोड़ लखपति दीदी देश में होंगी. लेकिन दीदी धन्य हो तुम. 27 नहीं आने दिया. 25 में ही 3 करोड़ लखपति दीदी हो गईं. ये आपकी ऊर्जा के कारण हुआ है. आपकी लगन के कारण हुआ है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 21 Feb, 2026 | 05:31 PM

आम में सबसे ज्यादा पाया जाने वाला विटामिन कौन सा है?