Raw jute stock limit zero: देश में जूट उद्योग एक महत्वपूर्ण कृषि-आधारित क्षेत्र है, जिससे लाखों किसानों, मजदूरों और उद्योगों की आजीविका जुड़ी हुई है. लेकिन पिछले कुछ महीनों में कच्चे जूट की कीमतों में तेज बढ़ोतरी और इसकी उपलब्धता में कमी ने इस पूरे सेक्टर को चिंता में डाल दिया था. इसी स्थिति को संभालने के लिए सरकार ने एक बड़ा और सख्त फैसला लिया है, जिसके तहत कच्चे जूट के व्यापारियों और बंडल बनाने वालों (बेलर्स) के लिए स्टॉक लिमिट को शून्य कर दिया गया है.
क्यों लेना पड़ा यह बड़ा फैसला
पिछले कुछ समय से कच्चे जूट की कीमतें लगातार बढ़ रही थीं और ये न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से काफी ऊपर चल रही थीं. इससे जूट मिलों को कच्चा माल मिलने में दिक्कत होने लगी थी. कई जगहों पर जमाखोरी और सट्टेबाजी की शिकायतें भी सामने आईं, जिससे बाजार में माल कमी पैदा हो रही थी. ऐसे हालात में सरकार ने यह कदम उठाया ताकि जूट की सप्लाई सामान्य हो सके और कीमतों को काबू में लाया जा सके.
स्टॉक लिमिट को किया गया शून्य
सरकार के नए आदेश के मुताबिक, अब कच्चे जूट के व्यापारियों और बेलर्स के पास स्टॉक रखने की सीमा ‘निल’ यानी शून्य कर दी गई है. इसका मतलब है कि उनके पास जितना भी जूट मौजूद है, उसे उन्हें निर्धारित समय के भीतर बेच देना होगा. जिन बेलर्स के पास बंडल बनाने की मशीन है और जो जूट आयुक्त के पास रजिस्टर्ड हैं, उन्हें 5 मई 2026 तक अपना पूरा स्टॉक बेच देना होगा और 15 मई 2026 तक इसकी डिलीवरी भी पूरी करनी होगी. वहीं, जो बेलर्स रजिस्टर्ड नहीं हैं या जिनके पास प्रेस मशीन नहीं है, उनके लिए भी स्टॉक लिमिट पूरी तरह खत्म कर दी गई है.
जूट मिलों के लिए क्या नियम हैं
सरकार ने जूट मिलों और प्रोसेसिंग यूनिट्स के लिए कुछ राहत दी है. उन्हें अपने उत्पादन के हिसाब से अधिकतम 45 दिन तक का कच्चा जूट स्टॉक रखने की अनुमति दी गई है. इसका उद्देश्य यह है कि मिलों का उत्पादन प्रभावित न हो और उन्हें लगातार कच्चा माल मिलता रहे.
स्टॉक की जानकारी देना अनिवार्य
सरकार ने पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी संबंधित इकाइयों को निर्देश दिया है कि वे अपने स्टॉक की जानकारी हर 15 दिन में ऑनलाइन पोर्टल पर अपडेट करें. इसके लिए जूट स्मार्ट पोर्टल पर स्टॉक की स्थिति दर्ज करना जरूरी किया गया है. इससे सरकार को यह पता चलता रहेगा कि बाजार में कितना जूट उपलब्ध है और कहीं जमाखोरी तो नहीं हो रही.
नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई
सरकार ने साफ कर दिया है कि जो भी इकाई इन नियमों का पालन नहीं करेगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों को अधिकार दिया गया है कि वे गोदामों और रिकॉर्ड की जांच कर सकते हैं और अगर तय सीमा से ज्यादा स्टॉक पाया जाता है, तो उसे जब्त भी किया जा सकता है. इसके अलावा, राज्यों से भी सहयोग मांगा गया है ताकि जमाखोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई को मजबूत बनाया जा सके.
आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना, सजा और माल की जब्ती जैसी कार्रवाई हो सकती है.
जूट उद्योग पर क्यों जरूरी है नियंत्रण
जूट उद्योग में कच्चे माल की कमी सीधे उत्पादन और रोजगार को प्रभावित करती है. अगर मिलों को समय पर जूट नहीं मिलेगा, तो उत्पादन रुक सकता है और इससे हजारों मजदूरों की रोजी-रोटी पर असर पड़ सकता है. सरकार का मानना है कि यह कदम जूट की सप्लाई को संतुलित करेगा और किसानों, उद्योगों तथा उपभोक्ताओं सभी के हितों की रक्षा करेगा.
किसानों और उद्योग दोनों को फायदा
इस फैसले से जहां एक तरफ किसानों को अपनी फसल का उचित मूल्य मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी तरफ उद्योगों को कच्चा माल आसानी से उपलब्ध हो सकेगा. इसके साथ ही बाजार में कृत्रिम कमी और कीमतों में उतार-चढ़ाव को भी नियंत्रित किया जा सकेगा.