लाडली बहना योजना की 38वीं किस्त आज जारी होगी, महिलाओं के खाते में 1835 करोड़ पहुंचेंगे

Ladli Behna Yojana: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव राज्य की महिलाओं के खाते में लाडली बहना योजना की 38वीं किस्त आज जारी कर रहे हैं. योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Updated On: 12 Jul, 2026 | 11:32 AM

मध्य प्रदेश सरकार आज लाडली बहना योजना की 38वीं किस्त का पैसा जारी करने जा रही है. मुख्यमंत्री मोहन यादव भिंड में कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और किसानों से बातचीत करेंगे. यहां वह 322 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे. इस दौरान वह योजना का पैसा महिलाओं के बैंक खातों में जारी करेंगे. योजना का लाभ 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं को दिया जा रहा है.

40 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे सीएम

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज रविवार को जिला भिंड के लहार में 238.96 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके 40 विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे. साथ ही क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए 83.33 करोड़ की लागत वाली 16 नई लोक-कल्याणकारी परियोजनाओं का भूमि-पूजन और शिलान्यास भी किया जाएगा.

1.25 करोड़ महिलाओं को मिलेंगे 1835 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज रविवार लहार में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश की लगभग 1 करोड़ 25 लाख 15 हजार से अधिक बहनों के खातों में सिंगल क्लिक से 1835 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का सीधा ट्रांसफर करेंगे. मध्यप्रदेश सरकार की इस अत्यंत लोकप्रिय योजना के अंतर्गत लाभार्थी महिलाओं को योजना की शुरुआत से अब तक की 38वीं नियमित मासिक किश्त का भुगतान किया जाएगा.

नवंबर में किस्त की राशि बढ़ाई गई थी

राज्य सरकार की ओर से माह नवंबर 2025 से इस मासिक आर्थिक सहायता राशि में 250 रुपये की बढ़ोतरी किए जाने के बाद से सभी पात्र लाभार्थी महिलाओं को प्रति माह 1,500 रुपये की निरंतर वित्तीय सहायता मिल रही है. योजना की शुरुआत यानी जून 2023 से लेकर जून 2026 तक सरकार की ओर से कुल 37 किश्तों का नियमित ट्रांसफर सफलता पूर्वक किया जा चुका है.

सीएम ने सागर से जारी की थी 37वीं किस्त

मध्य प्रदेश के सागर जिले में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लाडली बहना योजना की लाभार्थियों को राशि जारी की थी. तब उन्होंने कहा था कि हमारी सरकार की ओर से आज 1.25 करोड़ से ज्यादा बहनों के खातों में 1835 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर की गई है. उन्होंने कहा कि महिलाओं के विकास और आत्मनिर्भरता की ओर उन्हें बढ़ाने के लिए उनकी सरकार काम कर रही है. इसीलिए लाडली बहना योजना के तहत हर महिला के खाते में 1500 रुपये भेजे जाते हैं.

3 साल से महिलाओं को दी जा रही लाडली योजना की किस्त

मध्य प्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक संबल देने के लिए लाडली बहना योजना की राशि जारी करती है. यह राशि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही आत्मविश्वास भी देती है. लाड़ली बहनों की राशि डालते डालते लगभग तीन साल हो गए हैं. बता दें कि इससे पहले 36वीं किस्त का पैसा 13 मई को जारी किया गया था और 35वीं किस्त का पैसा 12 अप्रैल 2026 को खाते में जारी किया गया था.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 12 Jul, 2026 | 11:18 AM

लेटेस्ट न्यूज़