13 लाख किसानों के खाते में भेजे 20680 करोड़ रुपये, गेहूं खरीद का नया रिकॉर्ड बना

Wheat Purchase: मध्य प्रदेश के गेहूं किसानों के आज दोहरी सौगात दी गई है. 13 लाख से अधिक किसानों के खाते में गेहूं का भुगतान कर दिया गया है. जबकि, गेहूं खरीद की अंतिम तारीख को 5 दिन बढ़ाने की घोषणा भी कर दी गई है.

Kisan India
नोएडा | Published: 24 May, 2026 | 08:07 PM

Madhya Pradesh Wheat Farmers Payment: रबी मार्केटिंग सीजन की फसलों की खरीद प्रक्रिया जारी है. मध्य प्रदेश सरकार ने 13 लाख से अधिक गेहूं किसानों से उपज की खरीद की है और इन किसानों के बैंक खातों में 20680 करोड़ रुपये भुगतान कर दिया है. वहीं, राज्य सरकार ने गेहूं खरीद का पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है. जबकि, खरीद की अंतिम तारीख को भी 5 दिनों के लिए बढ़ाने की घोषणा कर दी गई है. खरीद केंद्रों पर तौल काटों की संख्या बढ़ाई गई है. जबकि, गर्मी को देखते हुए किसानों के लिए छांव और पेयजल की व्यवस्था भी करने के निर्देश दिए गए हैं.

गेहूं खरीद में मध्य प्रदेश पंजाब के बाद दूसरे नंबर पर

मध्य प्रदेश सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने आधिकारिक बयान में कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अब तक 13 लाख 10 हजार किसानों से गेहूं की खरीद की गई है. मध्यप्रदेश समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद के मामले में सर्वाधिक किसानों को लाभांवित करने वाला राज्य है. यही नहीं अब तक 95 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद कर मध्यप्रदेश पंजाब के बाद दूसरे स्थान पर है. उन्होंने कहा कि गेहूं खरीद अभी भी जारी है.

मुख्यमंत्री ने गेहूं खरीद की तारीख बढ़ाई

मंत्री ने बताया है कि 78 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीद के लक्ष्य को केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद बढ़ाकर 100 लाख मीट्रिक टन कर दिया गया है. मुख्यमंत्री डॉ. यादव खुद गेहूं खरीद मॉनीटरिंग कर रहे हैं. वे स्वयं खरीदी केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर तौल व्यवस्था, बारदाने की उपलब्धता और किसानों के लिये उपलब्ध जरूरी सुविधाओं की जांच कर रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन किसानों ने स्लाट बुक करा लिये हैं, उनके गेहूं खरीद की अवधि 23 मई से बढ़ाकर 28 मई तक कर दी है.

किसानों के खाते में भेजे गए 20,680 करोड़ रुपये

किसानों को अब तक खरीदे गए गेहूं का 20,680.83 करोड़ रुपये का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में कर दिया गया है. मंत्री ने कहा कि किसानों से 2585 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य और राज्य सरकार की ओर से 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस मिलाकर 2625 रुपये प्रति क्विंटल का भाव दिया जा रहा है. समर्थन मूल्य पर खरीदे गए गेहूं के भंडारण की समुचित व्यवस्था की गई है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक खरीद केन्द्र पर तौल काटों की संख्या 4 से बढ़ाकर 6 की गई तथा तौल काटों में वृद्धि का अधिकार जिलों को दिया गया. किसानों की सुविधा के लिये तौल पर्ची बनाने का समय शाम 6 बजे से बढ़ाकर रात 10 बजे तक किया गया. गेहूं खरीद सप्ताह में 6 दिन तक की जा रही है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़