गेहूं की सरकारी खरीद प्रक्रिया शुरू हो गई है. मध्य प्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं बिक्री के लिए किसानों में उत्साह देखा जा रहा है और अब 1.81 लाख से ज्यादा किसानों ने पंजीकरण करा लिया है. सरकार ने इस बार गेहूं का भाव 160 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाकर 2585 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है, जो पिछले साल 2425 प्रति क्विंटल था. राज्य में इस बार किसानों से 80 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीद की जा सकती है.
समर्थन मूल्य पर गेहूं बिक्री के लिये समय पर पंजीयन कराएं किसान
मध्य प्रदेश सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि रबी मार्केटिंग सीजन 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद के लिये अब तक एक लाख 81 हजार 793 किसानों ने पंजीयन करा लिया है. पंजीयन की कार्यवाही 7 मार्च तक जारी रहेगी. उन्होंने किसानों से अपील की है कि निर्धारित समय में पंजीयन जरूर करा लें. उन्होंने बताया है कि किसान पंजीयन की व्यवस्था को सहज और सुगम बनाया गया है.
सबसे ज्यादा उज्जैन संभाग के किसानों ने कराया रजिस्ट्रेशन
गेहूं किसानों की मदद के लिए राज्यभर में कुल 3186 पंजीयन केन्द्र बनाये गए हैं. मंत्री ने कहा कि अभी तक इंदौर संभाग में 27 हजार 175, उज्जैन में 73 हजार 398, ग्वालियर में 3358, चम्बल में 1449, जबलपुर में 12 हजार 342, नर्मदापुरम में 11 हजार 698, भोपाल में 41 हजार 268, रीवा में 3242, शहडोल में 726 और सागर संभाग में 7137 किसानों ने पंजीयन कराया है.
- Agriculture Budget: कृषि योजनाओं के लिए नहीं बढ़ा बजट, खेती पर खर्च होंगे 1.62 लाख करोड़ रुपये.. पढ़ें डिटेल्स
- Budget 2026: ‘विकसित भारत’ का दावा या जनता को धोखा? बजट पेश होते ही ममता से अखिलेश तक भड़के विपक्षी नेता!
- बजट में रिफॉर्म्स पर फोकस.. ग्रामीण विकास समेत इन सेक्टर्स को बूस्ट देने की घोषणाएं, पढ़ें- कृषि मंत्री ने क्या कहा
किसानों के लिए पंजीयन की मुफ्त व्यवस्था
किसानों के लिए पंजीयन की मुफ्त व्यवस्था ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्र पर, तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्र पर और सहकारी समितियों एवं सहकारी विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित पंजीयन केन्द्र पर की गई है. जबकि, पंजीयन की सशुल्क व्यवस्था एमपी ऑनलाईन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेन्टर कियोस्क, लोक सेवा केन्द्र और निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे पर की गई है,
किसानों को करें एसएमएस और मुनादी कराने के निर्देश
खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि विगत रबी एवं खरीफ के पंजीयन में जिन किसानों के मोबाइल नंबर उपलब्ध हैं, उन्हें एसएमएस से सूचित करने के निर्देश दिये गये हैं. गांव में डोंडी पिटवाकर ग्राम पंचायतों के सूचना पटल पर पंजीयन सूचना प्रदर्शित कराने तथा समिति/ मंडी स्तर पर बैनर लगवाने के निर्देश भी दिये गये हैं.
इस बार गेहूं खरीद के टूटेंगे सारे रिकॉर्ड
इस बार किसानों ने गेहूं की खेती में खूब दिलचस्पी दिखाई है और बीते साल के रकबे से ज्यादा क्षेत्र में गेहूं की फसल की गई है. मध्य प्रदेश में 9 लाख से ज्यादा किसानों ने करीब 10 लाख एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में गेहूं की बुवाई की है. ऐसे में इस बार 80 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीद करने की उम्मीद की जा रही है. जो बीते साल के 77 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा होगी. जबकि, इससे पहले 2024-25 खरीद सीजन में राज्य के किसानों से 49 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई थी. इस हिसाब से इस बार गेहूं खरीद के पुराने रिकॉर्ड टूटने का अनुमान है.