Mandi Bhav: 500 रुपये क्विंटल हुआ प्याज, नाराज किसानों की APMC कार्यालय पर भूख हड़ताल.. की ये मांग

नासिक में प्याज का भाव गिरकर 500 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है, जिससे किसान घाटे में हैं. चांदवड APMC में किसानों ने प्रदर्शन और भूख हड़ताल शुरू की. वे 3000 रुपये MSP और 1500 रुपये प्रति क्विंटल अनुदान की मांग कर रहे हैं.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 24 Feb, 2026 | 12:00 PM

Onion Mandi Rate: महाराष्ट्र के नासिक में प्याज की कीमतों में गिरावट आ गई है. प्याज का रेट गिरकर 500 रुपये क्विंटल पहुंच गया है. इससे किसान को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. वहीं, नाराज प्याज किसानों ने जिले के चांदवड स्थित कृषि उत्पन्न बाजार समिति (APMC) के कार्यालय पर प्रदर्शन किया. किसानों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से थोक बाजार में प्याज के दाम लगातार गिर रहे हैं, जिससे उन्हें भारी नुकसान हो रहा है. वहीं, कुछ किसानों ने अपनी मांगों को लेकर APMC परिसर में भूख हड़ताल भी शुरू कर दी है.

द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, किसानों की मांग है कि प्याज का न्यूनतम समर्थन मूल्य  (MSP) 3,000 रुपये प्रति क्विंटल तय किया जाए. साथ ही, पिछले छह महीनों में लागत से कम दाम पर प्याज बेचने वाले किसानों को 1,500 रुपये प्रति क्विंटल की सहायता राशि दी जाए. वे प्याज निर्यात बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन देने की भी मांग कर रहे हैं. APMC अधिकारियों के अनुसार, करीब तीन हफ्ते पहले प्याज का औसत थोक भाव 1,500 रुपये प्रति क्विंटल था, जो अब घटकर 1,000 रुपये प्रति क्विंटल रह गया है.

1,800 रुपये क्विंटल है उत्पादन लागत

फिलहाल प्याज का न्यूनतम थोक भाव  करीब 500 रुपये प्रति क्विंटल है, जबकि अधिकतम भाव लगभग 1,300 रुपये प्रति क्विंटल तक जा रहा है. महाराष्ट्र राज्य प्याज उत्पादक संघ के अनुसार, एक क्विंटल प्याज की उत्पादन लागत करीब 1,800 रुपये है. ऐसे में अगर किसानों को इससे कम कीमत मिलती है, तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है.

किसानों की ये हैं मांगे

इस समय औसत थोक कीमत उत्पादन लागत से भी कम है, जिसके कारण किसान अपनी लागत तक नहीं निकाल पा रहे हैं और लगातार घाटे में जा रहे हैं. महाराष्ट्र राज्य प्याज उत्पादक संघ के अध्यक्ष भारत दिघोले ने कहा कि सरकार को उन किसानों को 1,500 रुपये प्रति क्विंटल की सहायता राशि देनी चाहिए, जिन्होंने पिछले छह महीनों में अपनी उपज को उत्पादन लागत से कम दाम पर बेचा है.

APMC मंडियों में लेट खरीफ सीजन का प्याज आ रहा है

इस समय जिले की APMC मंडियों में लेट खरीफ सीजन का प्याज आ रहा है, जिसकी भंडारण अवधि  एक महीने से भी कम होती है. इसलिए किसानों के पास मौजूदा बाजार भाव पर प्याज बेचने के अलावा कोई विकल्प नहीं है. हालांकि, लासलगांव APMC में पिछले कुछ दिनों में प्याज की आवक बढ़ी है और यह रोजाना करीब 25,000 से 30,000 क्विंटल के बीच है. सोमवार को यहां प्याज का औसत थोक भाव 1,100 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया. न्यूनतम भाव 500 रुपये और अधिकतम 1,372 रुपये प्रति क्विंटल रहा. सोमवार को लासलगांव APMC में कुल 30,814 क्विंटल प्याज की नीलामी हुई.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 24 Feb, 2026 | 11:51 AM

खीरे की फसल के लिए किस प्रकार की मिट्टी सबसे अच्छी मानी जाती है?