ग्राहकों को राहत! सरकार सस्ती दरों पर शुरू करेगी टमाटर की बिक्री.. इन शहरों से होगी शुरुआत

देश के प्रमुख उपभोक्ता बाजारों में टमाटर की कीमतों में पिछले एक साल में तेज बढ़ोतरी देखी गई है. दिल्ली में टमाटर 56 रुपये प्रति किलो, मुंबई में 63 रुपये प्रति किलो, चेन्नई में 37 रुपये प्रति किलो और रांची में 38 रुपये प्रति किलो बिक रहा है. जबकि एक साल पहले इन शहरों में कीमतें क्रमशः 50 रुपये, 37 रुपये, 28 रुपये और 24 रुपये प्रति किलो थीं.

Kisan India
नोएडा | Published: 23 Jun, 2026 | 09:22 AM

टमाटर की बढ़ती कीमतों के बीच आम उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर सामने आई है. सरकार टमाटर के दामों पर नियंत्रण के लिए सहकारी दुकानों के जरिए इसे सब्सिडी दरों पर उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है. इस कदम से उम्मीद है कि बाजार में बढ़े हुए दामों पर अंकुश लगेगा और ग्राहकों को सस्ते दाम पर टमाटर मिल सकेगा. योजना की शुरुआत पहले दिल्ली-एनसीआर और मुंबई जैसे बड़े शहरों से की जाएगी, जिसके बाद इसे अन्य राज्यों में भी विस्तार दिया जाएगा. फिलहाल देशभर में टमाटर का औसत खुदरा भाव बढ़कर 44.36 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 34.43 रुपये प्रति किलो था.

अंग्रेजी न्यूज वेबसाइट मिन्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, सरकारी अधिकारियों का कहना है कि आपूर्ति में बाधा के कारण टमाटर के दामों में तेज उछाल आया है, जिसे रोकने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है. हालांकि, इस मुद्दे पर उपभोक्ता मामलों के विभाग में पिछले सप्ताह चर्चा भी हुई थी. इसके बाद टमाटर की महंगाई को देखते हुए सरकार बाजार में हस्तक्षेप की योजना के तहत टमाटर की खुदरा बिक्री शुरू करने पर विचार कर रही है.

दिल्ली में 92 रुपये किलो हुआ टमाटर

अधिकारियों का कहना है टमाटर की कीमतों में देशभर के रिटेल बाजारों में तेज बढ़ोतरी देखी जा रही है. कई स्थानीय बाजारों में टमाटर 60 से 70 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है. वहीं, कुछ इलाकों में, खासकर दिल्ली के ग्रेटर कैलाश जैसे क्षेत्रों में, इसकी कीमत लगभग 92 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है. इससे आन जनता के किचन का बजट बिगड़ गया है.  हालांकि, आने वाले दिनों में इसकी कीमत में और बढ़ोतरी हो सकती है. यही वजह है कि बाजार में हस्तक्षेप की योजना के तहत टमाटर की बिक्री शुरू करने का फैसला लिया गया.

इन शहरों में शुरू होगी टमाटर की बिक्री

खास बात यह है कि पहले चरण में दिल्ली-एनसीआर और मुंबई जैसे चुनिंदा शहरों में टमाटर की बिक्री शुरू  की जाएगी. इसके बाद बाजार की स्थिति को देखते हुए इसे अन्य शहरों में भी बढ़ाया जा सकता है. अधिकारियों ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य उपभोक्ताओं को राहत देना और बाजार में कीमतों को स्थिर करना है. वहीं, देश में महंगाई की दर में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है. रिटेल फूड इंफ्लेशन (खाद्य महंगाई) मई में बढ़कर 4.78 प्रतिशत हो गया, जो अप्रैल में 4.2 प्रतिशत था. यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से टमाटर, अदरक और अन्य सब्जियों के दाम बढ़ने के कारण हुई है.

बारिश से टमाटर की सप्लाई प्रभावित

विशेषज्ञों के अनुसार, टमाटर जैसी सब्जियों के दामों में तेज उछाल का सीधा असर कुल सब्जी महंगाई पर पड़ता है, जिससे खाद्य महंगाई भी बढ़ जाती है. इससे पहले जुलाई-अगस्त 2023 में भारी बारिश और सप्लाई बाधित होने के कारण कई बाजारों में टमाटर के दाम 200 रुपये प्रति किलो से भी ऊपर पहुंच गए थे. उस समय सब्जियों की महंगाई 37.3 प्रतिशत तक पहुंच गई थी, जबकि कुल खाद्य महंगाई बढ़कर 11.5 प्रतिशत हो गई थी, जो पिछले तीन वर्षों में सबसे ऊंचा स्तर था.

किस शहर में कितना है टमाटर का रेट

देश के प्रमुख उपभोक्ता बाजारों में टमाटर की कीमतों में पिछले एक साल में तेज बढ़ोतरी देखी गई है. दिल्ली में टमाटर 56 रुपये प्रति किलो, मुंबई में 63 रुपये प्रति किलो, चेन्नई में 37 रुपये प्रति किलो और रांची में 38 रुपये प्रति किलो बिक रहा है. जबकि एक साल पहले इन शहरों में कीमतें क्रमशः 50 रुपये, 37 रुपये, 28 रुपये और 24 रुपये प्रति किलो थीं. इस तरह मुंबई में कीमतों में करीब 70.3 प्रतिशत और रांची में 58.3 प्रतिशत की सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई है. वहीं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स जैसे बिगबास्केट, अमेजन और ब्लिंकिट पर टमाटर 79 से 95 रुपये प्रति किलो के बीच बिक रहा है, जिससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़