MP Animal Husbandry: मध्य प्रदेश सरकार पशुपालकों की आय बढ़ाने और डेयरी व्यवसाय को मजबूत बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है. इन्हीं में से एक है पशुपालक किसान क्रेडिट कार्ड योजना. इस योजना के तहत पशुपालकों को कम ब्याज दर पर लोन दिया जा रहा है. सरकार का उद्देश्य है कि गांवों में रहने वाले लोग आसानी से पशुपालन शुरू कर सकें और अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत बना सकें. इस योजना के जरिए पशुपालक गाय-भैंस खरीद सकते हैं. इसके साथ ही चारा, दाना, दवाइयों और पशुओं की देखभाल पर होने वाला खर्च भी इस लोन से पूरा किया जा सकता है. सरकार इस योजना में ब्याज पर अनुदान भी दे रही है, जिससे पशुपालकों को काफी राहत मिल रही है.
कितना मिलेगा लोन और कितना लगेगा ब्याज?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सीधी वेटरनरी अस्पताल के पशु चिकित्सक के मुताबिक, जिस तरह किसानों को खेती के लिए किसान क्रेडिट कार्ड मिलता है, उसी तरह पशुपालकों को भी यह सुविधा दी जा रही है. योजना के तहत एक गाय पर 15 हजार रुपए और एक भैंस पर 18 हजार रुपए तक का लोन मिल सकता है. पशुपालक अधिकतम 1 लाख 60 हजार रुपए तक का ऋण ले सकते हैं. बैंक इस लोन पर 7 प्रतिशत ब्याज लेता है, लेकिन सरकार इसमें 3 प्रतिशत की सब्सिडी देती है. यानी पशुपालकों को केवल 4 प्रतिशत ब्याज ही देना होगा. इससे कम खर्च में डेयरी व्यवसाय शुरू करना आसान हो जाएगा.
आवेदन करने के लिए क्या करना होगा?
इस योजना का लाभ लेने के लिए सबसे पहले पशुपालकों को अपने नजदीकी पशु चिकित्सा अधिकारी या पशु अस्पताल में संपर्क करना होगा. वहां से योजना की पूरी जानकारी और आवेदन प्रक्रिया बताई जाएगी. आवेदन के समय कुछ जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे. इनमें आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक पासबुक शामिल हैं. इसके अलावा बैंक रिकॉर्ड और सिविल स्कोर भी अच्छा होना जरूरी है. अगर किसी व्यक्ति का बैंक रिकॉर्ड खराब है, तो उसे योजना का लाभ मिलने में परेशानी हो सकती है. दस्तावेज जमा होने के बाद आवेदन की जांच की जाएगी. सब कुछ सही मिलने पर बैंक द्वारा लोन पास किया जाएगा. अधिकारियों के मुताबिक लगभग एक महीने के अंदर योजना का लाभ मिल सकता है.
डेयरी कारोबार बढ़ाने में मिलेगी मदद
सरकार का मानना है कि इस योजना से गांवों में रोजगार बढ़ेगा और लोग पशुपालन की ओर ज्यादा आकर्षित होंगे. जिन लोगों के पास पहले से डेयरी का काम है, वे इस लोन की मदद से अपने कारोबार का विस्तार कर सकेंगे. वहीं नए पशुपालक भी कम पैसों में अपना काम शुरू कर पाएंगे. विशेषज्ञों का कहना है कि पशुपालन आज के समय में कमाई का अच्छा जरिया बनता जा रहा है. दूध की बढ़ती मांग के कारण डेयरी व्यवसाय में लगातार अवसर बढ़ रहे हैं. ऐसे में सरकार की यह योजना पशुपालकों के लिए बड़ी मदद साबित हो सकती है. अगर आप भी पशुपालन शुरू करना चाहते हैं या अपना डेयरी व्यवसाय बढ़ाना चाहते हैं, तो अपने नजदीकी पशु चिकित्सा केंद्र या बैंक में जाकर इस योजना की जानकारी ले सकते हैं.