Ladli Behna Yojana 40th Installment: मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए आज का दिन खास है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज (13 सितंबर) आगर मालवा से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त जारी करेंगे. इस दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,835 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी. पात्र महिलाओं को इस बार भी 1,500 रुपये की मासिक सहायता मिलेगी. किस्त जारी होने के साथ ही योजना के तहत नियमित मासिक भुगतान की 40वीं किस्त पूरी हो जाएगी.
13 सितंबर को जारी होगी 40वीं किस्त
मुख्यमंत्री मोहन यादव रविवार को आगर मालवा में आयोजित कार्यक्रम से सितंबर महीने की किस्त का अंतरण करेंगे. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इस बार 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 पात्र महिलाओं के खातों में कुल 1,835 करोड़ 09 लाख 22 हजार 450 रुपये भेजे जाएंगे. यानी बड़ी संख्या में महिलाओं को एक साथ आर्थिक मदद मिलेगी. यह राशि सीधे बैंक खातों में पहुंचाई जाएगी, जिससे लाभार्थियों को किसी कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे.
1,000 रुपये से शुरू हुई थी योजना, अब मिल रहे 1,500 रुपये
मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी. उस समय महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दिए जाते थे. अक्टूबर 2023 में सरकार ने इसमें 250 रुपये की बढ़ोतरी की और सहायता राशि 1,250 रुपये हो गई. इसके बाद नवंबर 2025 से फिर 250 रुपये बढ़ाए गए. अब पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये मिल रहे हैं. जून 2023 से अगस्त 2026 तक 39 नियमित किस्तें जारी की जा चुकी हैं और सितंबर की किस्त 40वीं होगी.
खुशहाल बहनें, सशक्त मध्यप्रदेश ✨
‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ के माध्यम से प्रदेश की करोड़ों बहनों को मिल रहा है सम्मान, आर्थिक संबल और आत्मनिर्भरता का भरोसा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में ₹1,835 करोड़ की राशि अंतरित करेंगे।
🗓️… pic.twitter.com/uspd1RrGoy
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) September 13, 2026
रक्षाबंधन पर भी मिली थी अतिरिक्त सहायता
नियमित किस्तों के अलावा मध्य प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन के मौके पर भी महिलाओं को विशेष आर्थिक सहायता दी है. अगस्त 2023, अगस्त 2024, अगस्त 2025 और अगस्त 2026 में लाभार्थी महिलाओं को 250 रुपये की अतिरिक्त राशि दी गई थी. वहीं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन पाने वाली पात्र महिलाओं को भी योजना का लाभ दिया जा रहा है. यदि उन्हें 900 रुपये की पेंशन मिलती है, तो निर्धारित सहायता और पेंशन के बीच का अंतर उन्हें दिया जाता है.
अब तक 65 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा ट्रांसफर
सरकारी जानकारी के अनुसार, जून 2023 से अगस्त 2026 तक योजना के तहत 63,560.90 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में भेजे जा चुके हैं. सितंबर की किस्त के बाद नियमित मासिक सहायता के रूप में कुल अंतरित राशि 65,395.99 करोड़ रुपये हो जाएगी. वित्तीय वर्ष 2026-27 में योजना के लिए 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है. आगर मालवा को भी इस कार्यक्रम में विकास कार्यों की सौगात मिलेगी. मुख्यमंत्री 225.95 करोड़ रुपये की लागत वाले 33 कार्यों का भूमि-पूजन करेंगे. इसके साथ ही 28.14 करोड़ रुपये के 17 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया जाएगा.