बरसात से पहले टमाटर महंगा, कीमतों में 100 फीसदी तक उछाल.. जानें होलसेल और रिटेल प्राइस

मॉनसून आने से पहले ही देश के कई हिस्सों में सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं. दिल्ली-एनसीआर में टमाटर 30 से 60 रुपये किलो पहुंच गया है, जबकि इंदौर में 80 रुपये किलो बिक रहा है. मदनपल्ली मंडी में भी टमाटर के थोक भाव 1 जून से 9 जून के बीच 3,100 से बढ़कर 3,900 रुपये प्रति क्विंटल हो गए.

Kisan India
नोएडा | Published: 13 Jun, 2026 | 01:37 PM

Tomato Mandi Rate: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर और मध्य भारत के कई इलाकों में अभी मॉनसून नहीं पहुंचा है, लेकिन सब्जियों के दाम पहले ही बढ़ने लगे हैं. परवल, बिन्स और शिमला मिर्च जैसी कई सब्जियां महंगी हो गई हैं. करीब 10 दिन पहले तक 40 रुपये किलो बिकने वाला परवल अब 60 रुपये किलो तक पहुंच गया है. वहीं, बिन्स की कीमत भी बढ़कर 60 रुपये किलो हो गई है. सबसे ज्यादा बढ़ोतरी टमाटर के दाम में देखने को मिली है. मई के आखिरी सप्ताह तक खुदरा बाजार में 30 रुपये किलो बिकने वाला टमाटर अब दिल्ली-एनसीआर में 60 रुपये किलो तक पहुंच गया है. यानी महज कुछ दिनों में टमाटर की कीमत में करीब 100 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इससे आम उपभोक्ताओं की रसोई का बजट प्रभावित होने लगा है.

हालांकि, मध्य प्रदेश के इंदौर में भी टमाटर महंगा हो गया है. यहां पर यह 80 रुपये किलो बिक रहा है. इसी तरह झारखंड की राजधानी रांची में स्थानीय टमाटर 50 से 55 रुपये प्रति किलो और हाइब्रिड टमाटर  50 से 70 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिक रहा है. वहीं, फ्रेंच बीन की कीमत में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिली है और यह 40 से 50 रुपये प्रति पाव तक पहुंच गई है. इससे सब्जियों की कीमतों  में बढ़ोतरी का असर साफ दिखाई दे रहा है. व्यापारियों का कहना है कि मंडियों में टमाटर उत्पादक राज्यों से आवक कम हो गई है. इससे कीमतें बढ़ गई है. व्यापारियों के अनुसार बरसात की शुरुआत होने पर टमाटर की कीमतों में और बढ़ोतरी होगी.

होलसेल मंडी में महंगा हुआ टमाटर

अगर टमाटर की होलसेल रेट की बात करें तो आंध्र प्रदेश स्थित एशिया की बड़ी मंडी मदनपल्ली में भी टमाटर की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है. मदनपल्ली एपीएमसी मंडी में जो 1 जून 2026 को 3,100 रुपये क्विंटल बिक रहा था, 9 जून आते-आते उसका रेट बढ़कर 3,900 रुपये क्विंटल हो गया. यानी होलसेल में भी टमाटर महंगा हो रहा है. इससे रिटेल मार्केट में आते-आते इसकी कीमतें बहुत ज्यादा बढ़ जा रही हैं.

मदनपल्ली मंडी में टमाटर का रेट (आंकड़े Agmarknet से लिए गए हैं)

तारीख आवक (मीट्रिक टन) किस्म न्यूनतम भाव (रु./क्विंटल) अधिकतम भाव (रु./क्विंटल) मॉडल भाव (रु./क्विंटल)
01/06/2026 940 स्थानीय 2,800 3,300 3,100
02/06/2026 902 स्थानीय 2,800 3,300 3,100
03/06/2026 857 स्थानीय 2,800 3,400 3,200
08/06/2026 1,003 स्थानीय 3,500 4,200 3,900
09/06/2026 1,260 स्थानीय 3,400 4,000 3,900

मंडी में टमाटर की 940 टन आवक

Agmarknet के आंकड़ों के अनुसार, मदनपल्ली मंडी  में 1 जून को स्थानीय किस्म के टमाटर की 940 मीट्रिक टन आवक दर्ज की गई. मंडी में टमाटर का न्यूनतम भाव 2,800 रुपये प्रति क्विंटल, अधिकतम भाव 3,300 रुपये प्रति क्विंटल और औसत भाव 3,100 रुपये प्रति क्विंटल रहा. वहीं, 9 जून को मदनपल्ली एपीएमसी मंडी में स्थानीय किस्म के टमाटर की 1,260 मीट्रिक टन आवक दर्ज की गई. इस दिन मंडी में टमाटर का न्यूनतम भाव 3,400 रुपये प्रति क्विंटल और अधिकतम भाव 4,000 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जबकि औसत भाव 3,900 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया. आवक बढ़ने के बावजूद टमाटर के दाम मजबूत बने हुए हैं, जिससे किसानों को बेहतर कीमत मिल रही है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़