देश में चना का रेट MSP से कम, सरकारी खरीद के बावजूद स्थिति खराब.. क्या करें किसान ?

किसान महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट ने ‘किसान इंडिया’ से बात करते हुए कहा कि राजस्थान की मंडियों में चना किसानों को एमएसपी का लाभ नहीं मिल रहा है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने चने का न्यूनतम समर्थन मूल्य  5,875 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है, लेकिन किसानों को बाजार में केवल 5,000 से 5,200 रुपये प्रति क्विंटल ही मिल रहा है.

वेंकटेश कुमार
नोएडा | Updated On: 6 May, 2026 | 12:59 PM

Chana Mandi Bhav: केंद्र सरकार देश में दाल का उत्पादन बढ़ाने के लिए ‘दलहन मिशन’ चला रही है. दलहन की खेती करने वाले किसानों को सब्सिडी पर बीज दिए जा रहे हैं. लेकिन फसल कटाई के बाद किसानों को मंडी में उचित रेट नहीं मिल रहा है. किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य ((MSP) से कम रेट पर उपज बेचने को मजबूर हैं. खासकर चना की स्थिति तो और ज्यादा खराब है. मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात जैसे प्रमुख उत्पादक राज्यों में चना का रेट एमएसपी से काफी कम है. हालांकि, राजस्थान में किसान चने के रेट में गिरावट आने से नाराज हैं और आंदोलन भी कर रहे हैं. फिलहाल देश की अलग-अलग मंडियों में चना का रेट 5000 से लेकर 5200 रुपये क्विंटल के बीच है, जो एमएसपी से काफी कम है. हालांकि, विपणन वर्ष 2026-27 के लिए चना का एमएसपी 5,875 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है. यानी किसान एमएसपी से 600 से लेकर  800 रुपये क्विंटल तक कम रेट पर अपनी उपज बेच रहे हैं.

Agmarknet के आंकड़ों के मुताबिक राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात की मंडियों  में चना का रेट मई महीने के दौरान अलग-अलग दर्ज किए गए, जो एमएसपी से काफी कम हैं. बात अगर राजस्थान की करें तो 4 मई को अलवर एपीएमसी मंडी में चना का कुल 22.70 मीट्रिक टन आवक हुई. इस दिन चना का न्यूनतम भाव 5,150 रुपये प्रति क्विंटल और अधिकतम 5,200 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जबकि औसत भाव 5,175 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया. यानी इस दिन मंडी आए किसानों को एमएसपी से कम रेट पर नुकसान में उपज बेचनी पड़ी.

मध्य प्रदेश में भी चना किसानों को उचित रेट नहीं मिला

मध्य प्रदेश में भी चना किसानों को उचित रेट नहीं मिल रहा है. यहां पर भी किसान घाटे में उपज बेच रहे हैं. 2 मई को आलोट एपीएमसी में चना की कुल 3.84 मीट्रिक टन आवक दर्ज की गई. इस दिन चने के दाम 5,052 रुपये प्रति क्विंटल से शुरू होकर 5,125 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचे. जबकि इस दिन औसत भाव 5,125 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जो एमएसपी से 600 रुपये क्विंटल से भी अधिक कम है. वहीं. 2 मई को आगर एपीएमसी मंडी में चना की कुल 15.49 मीट्रिक टन आवक दर्ज की गई. इस दिन चने का न्यूनतम भाव 3,200 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जबकि अधिकतम कीमत 5,351 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंची, जिससे पता चलता है कि किसानों ने घाटे में कारोबार किया.

मंडी का नाम तारीख आवक (मीट्रिक टन) किस्म न्यूनतम भाव (₹/क्विंटल) अधिकतम भाव (₹/क्विंटल) मोडल भाव (₹/क्विंटल)
जयाल APMC (राजस्थान) 01/05/2026 1.75 बंगाल ग्राम 4,700 5,000 4,900
आलोट APMC  (एमपी) 02/05/2026 3.84 चना (ग्राम) 5,052 5,125 5,125
आलोट APMC (एमपी) 05/05/2026 2.70 चना (ग्राम) 5,055 5,151 5,100
आगर APMC (एमपी) 02/05/2026 15.49 चना (ग्राम) 3,200 5,351 5,262
आगर APMC (एमपी) 05/05/2026 10.80 चना (ग्राम) 5,081 5,751 5,471
अहमदपुर APMC (महाराष्ट्र) 02/05/2026 18.90 अन्य 5,000 5,311 5,215
अकोला APMC (महाराष्ट्र) 02/05/2026 2.10 अन्य 4,900 5,405 5,165
अमीरगढ़ (गुजरात) 05/05/2026 0.40 अन्य 4,500 4,500 4,500

महाराष्ट्र में भी अच्छी नहीं है स्थिति

महाराष्ट्र में चना किसानों की स्थिति अच्छी नहीं है. अहमदपुर एपीएमसी मंडी में 2 मई को चना की कुल आवक 18.90 मीट्रिक टन रही. इस दिन न्यूनतम भाव 5,000 रुपये प्रति क्विंटल और अधिकतम 5,311 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जबकि मोडल प्राइस 5,215 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया, जो एमएसपी 5,875 प्रति क्विंटल से काफी कम है.
वहीं 5 मई 2026 को इसी मंडी में आवक घटकर 8.00 मीट्रिक टन रह गई. इस दिन न्यूनतम भाव 4,050 रुपये प्रति क्विंटल तक गिरा, जबकि अधिकतम भाव 5,300 रुपये प्रति क्विंटल रहा.

गुजरात में चने का मंडी रेट

5 मई को गुजरात की अमीरगढ़ एपीएमसी मंडी में चना की बहुत कम, सिर्फ 0.40 मीट्रिक टन आवक हुई. इस दिन चने का भाव 4,500 रुपये प्रति क्विंटल ही रहा, जो न्यूनतम, अधिकतम और औसत तीनों एक जैसा था. वहीं, 6 मई को बगसरा एपीएमसी मंडी में देसी साबुत चना की कुल 7.00 मीट्रिक टन आवक दर्ज की गई. इस दिन चने का न्यूनतम भाव 4,500 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जबकि अधिकतम कीमत 5,200 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंची. हालांकि, औसत भाव 4,850 रुपये प्रति क्विंटल रहा.

क्या बोले किसान नेता रामपाल जाट

किसान महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट ने ‘किसान इंडिया’ से बात करते हुए कहा कि राजस्थान की मंडियों में चना किसानों को  एमएसपी का लाभ नहीं मिल रहा है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने चने का न्यूनतम समर्थन मूल्य  5,875 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है, लेकिन किसानों को बाजार में केवल 5,000 से 5,200 रुपये प्रति क्विंटल ही मिल रहा है. उनका आरोप है कि केंद्र सरकार ने चने की पूरी खरीद के आदेश दिए हैं, फिर भी राजस्थान सरकार की ओर से कुछ अड़चनें पैदा की जा रही हैं. इसकी वजह से किसानों को हर क्विंटल पर करीब 775 रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 6 May, 2026 | 12:42 PM
ज्ञान का सम्मान क्विज

खरीफ सीजन में सबसे ज्यादा उगाई जाने वाली फसल कौन सी है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
2585 रुपये प्रति क्विंटल
विजेताओं के नाम
रंजीत महतो- विष्णुपुर, हजारीबाग, झारखंड

लेटेस्ट न्यूज़