Litchi Farming: लीची की खेती करने वाले किसानों के लिए इस समय सावधान रहने की जरूरत है. फलों में एक खतरनाक कीट तेजी से फैल रहा है, जिसे फ्रूट फ्लाई यानी फल मक्खी कहा जाता है. यह कीट बाहर से दिखाई नहीं देता, लेकिन अंदर ही अंदर पूरी लीची को खराब कर देता है. विशेषज्ञों के अनुसार अगर समय पर इसकी रोकथाम नहीं की गई, तो किसानों की सालभर की मेहनत बर्बाद हो सकती है. NHRDF के संयुक्त निदेशक डॉ. रजनीश मिश्रा के अनुसार, किसानों को बागों की साफ-सफाई और सही दवा का इस्तेमाल समय पर करना बेहद जरूरी है.
फल के अंदर अंडे देकर फसल खराब करती है मक्खी
विशेषज्ञों के मुताबिक फ्रूट फ्लाई सबसे ज्यादा लीची पकने के समय सक्रिय होती है. यह मक्खी लीची के ऊपर छोटा सा छेद करके उसके अंदर अंडे दे देती है. कुछ समय बाद इन अंडों से छोटे कीड़े निकलते हैं, जो फल के गूदे को अंदर से खाना शुरू कर देते हैं. धीरे-धीरे पूरा फल अंदर से सड़ जाता है. कई बार बाहर से लीची ठीक दिखाई देती है, लेकिन अंदर से पूरी तरह खराब हो चुकी होती है. ऐसे फल बाद में पेड़ से गिरने लगते हैं. इससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों पर बड़ा असर पड़ता है.
बाग में सफाई रखना सबसे जरूरी
डॉ. रजनीश मिश्रा के अनुसार इस कीट को रोकने के लिए सबसे पहले बाग में साफ-सफाई रखना जरूरी है. जो फल सड़कर जमीन पर गिर चुके हैं, उन्हें वहीं खुला नहीं छोड़ना चाहिए. इससे कीट तेजी से फैलता है. किसानों को ऐसे खराब फलों को तुरंत इकट्ठा करना चाहिए और बाग से दूर गहरा गड्ढा खोदकर मिट्टी में दबा देना चाहिए. इससे कीट का जीवन चक्र टूट जाता है और उसका फैलाव कम होता है. अगर किसान इस छोटी सी सावधानी को अपनाएं तो काफी हद तक नुकसान रोका जा सकता है.
दवा का सही छिड़काव करेगा फसल की रक्षा
विशेषज्ञों ने किसानों को वैज्ञानिक तरीके से दवा का इस्तेमाल करने की सलाह दी है. इसके लिए डेल्टामेथ्रिन 2.8 फीसदी EC दवा को असरदार माना गया है. किसानों को 1 मिलीलीटर दवा को 1 लीटर पानी में मिलाकर अच्छी तरह घोल तैयार करना चाहिए. इसके बाद लीची के पेड़ों पर बराबर तरीके से छिड़काव करना चाहिए. सही समय पर दवा का इस्तेमाल करने से फल मक्खी का असर काफी कम किया जा सकता है. विशेषज्ञों का कहना है कि छिड़काव करते समय पूरे पेड़ को अच्छी तरह कवर करना जरूरी है, ताकि कोई हिस्सा बच न जाए. इससे कीट पूरी तरह नियंत्रित हो सकता है.
लापरवाही से हो सकता है बड़ा आर्थिक नुकसान
लीची की खेती में किसानों को काफी मेहनत और खर्च करना पड़ता है. अगर फसल तैयार होने के समय इस तरह का कीट लग जाए, तो पूरा उत्पादन प्रभावित हो सकता है. फल खराब होने से बाजार में कीमत भी कम मिलती है. डॉ. रजनीश मिश्रा के अनुसार किसानों को नियमित रूप से अपने बागों की निगरानी करनी चाहिए. जैसे ही फलों में सड़न या छोटे छेद दिखाई दें, तुरंत सावधान हो जाना चाहिए. विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर पहचान और सही प्रबंधन से किसान अपनी लीची की फसल को सुरक्षित रख सकते हैं. अगर किसान साफ-सफाई, निगरानी और सही दवा का इस्तेमाल करें, तो फसल को बड़े नुकसान से बचाया जा सकता है और बेहतर उत्पादन हासिल किया जा सकता है.