झुलसाती गर्मी में भी बंपर फल! हॉट वेदर नाशपाती से किसानों की होगी डबल कमाई, जानें पूरा फार्मूला
तेज गर्मी में भी फल देने वाली हॉट वेदर नाशपाती किसानों के लिए कमाई का नया जरिया बन रही है. सही समय पर रोपण और जैविक देखभाल से अच्छी पैदावार मिलती है. कम लागत में ज्यादा उत्पादन के कारण यह फसल अतिरिक्त आय का बेहतर विकल्प साबित हो सकती है.
Hot Weather Pear: जब तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच जाता है, तब ज्यादातर फलदार पेड़ झुलसने लगते हैं. लेकिन अब एक ऐसी नाशपाती की किस्म सामने आई है जो तेज गर्मी में भी आसानी से फल देती है. भारत के गर्म इलाकों में ये किस्म किसानों और गार्डनिंग के शौकीनों के लिए उम्मीद की नई किरण बन रही है. कम देखभाल में अच्छी पैदावार और बाजार में बढ़िया दाम-यही इसकी खास पहचान है. जो किसान पारंपरिक फसलों से कम मुनाफा कमा पा रहे हैं, उनके लिए यह विकल्प अतिरिक्त आय का मजबूत जरिया बन सकता है.
रोपण का सही समय और तरीका
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अनुसार, हॉट वेदर नाशपाती की खास बात यह है कि यह ग्राफ्टेड किस्म है, जो ज्यादा तापमान सहन कर सकती है. इसके पौधे लगाने का सही समय फरवरी के अंत से मार्च तक माना जाता है. इस समय मौसम बदल रहा होता है और पौधे को जमने का अच्छा मौका मिलता है. पौधा जमीन में लगाना ज्यादा फायदेमंद रहता है. इसके लिए करीब 2 फीट गहरा और 2 फीट चौड़ा गड्ढा तैयार करें. गड्ढे की मिट्टी में सड़ी हुई गोबर खाद या वर्मी कम्पोस्ट अच्छी तरह मिला दें. इससे पौधे की जड़ें मजबूत बनती हैं और शुरुआत से ही अच्छी ग्रोथ मिलती है. ध्यान रखें कि पौधा ऐसी जगह लगाएं जहां पानी जमा न हो और दिनभर धूप मिलती रहे.
देखभाल का आसान फार्मूला
अच्छी पैदावार के लिए पौधे की देखभाल भी जरूरी है. फंगस और कीटों से बचाव के लिए नीम खली का इस्तेमाल किया जा सकता है. यह एक सस्ता और असरदार देसी उपाय है. समय-समय पर जैविक खाद देने से पौधे की बढ़त तेज होती है और फल की गुणवत्ता बेहतर होती है. गर्मियों में नियमित सिंचाई जरूरी है, लेकिन ज्यादा पानी से बचें. ड्रिप सिंचाई प्रणाली अपनाने से पानी की बचत भी होगी और पौधे को बराबर नमी मिलती रहेगी. अगर समय पर छंटाई की जाए तो पौधे पर ज्यादा और बड़े फल आते हैं. इससे बाजार में बेहतर दाम मिलने की संभावना बढ़ जाती है.
कम लागत, ज्यादा मुनाफा
हॉट वेदर नाशपाती की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें लागत कम और मुनाफा ज्यादा है. एक बार पौधा लगने के बाद कई सालों तक फल देता है. सही देखभाल करने पर अच्छी पैदावार मिलती है, जिससे किसानों की आमदनी दोगुनी तक हो सकती है. ऐसे में कुछ इलाकों में इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं. वहां के किसानों ने बताया कि तेज गर्मी के बावजूद फसल पर ज्यादा असर नहीं पड़ा और फल की गुणवत्ता भी अच्छी रही.
बाजार में इस किस्म की नाशपाती की मांग बढ़ रही है, क्योंकि यह स्वाद में मीठी और देखने में आकर्षक होती है. यही वजह है कि यह फसल किसानों के लिए कम समय में अच्छा रिटर्न देने वाली साबित हो सकती है. अगर किसान नई और टिकाऊ खेती की तलाश में हैं, तो हॉट वेदर नाशपाती एक मजबूत विकल्प बन सकती है. सही समय पर रोपण, जैविक खाद का इस्तेमाल और नियमित देखभाल-यही इसका सफलता का असली फार्मूला है.