किसानों के लिए कृषि विशेषज्ञ की सलाह! जुलाई में सब्जी की खेती से ज्यादा कमाई का तरीका बताया

मॉनसून में सब्जियों की खेती किसानों के लिए मुनाफे का बेहतर मौका है. कृषि विशेषज्ञों ने उन्नत बीजों के चयन और रेज्ड बेड तकनीक अपनाने की सलाह दी है. इससे जलभराव से फसल सुरक्षित रहेगी और गोभी, टमाटर, मिर्च व बैंगन से अच्छी कमाई होगी.

Saurabh Sharma
नोएडा | Published: 26 Jul, 2026 | 12:57 PM

Monsoon Vegetable Farming: मॉनसून की शुरुआत के साथ ही खरीफ सीजन की अगेती सब्जियों की खेती का समय शुरू हो गया है. इस मौसम में किसान अगर सही समय पर बुवाई, उन्नत किस्मों के बीज और वैज्ञानिक तकनीकों का इस्तेमाल करें तो कम लागत में बेहतर उत्पादन हासिल कर सकते हैं. कृषि विशेषज्ञों के अनुसार जुलाई का महीना गोभी, टमाटर, मिर्च और बैंगन जैसी सब्जियों की खेती के लिए काफी उपयुक्त माना जाता है. अगेती सब्जियां बाजार में जल्दी पहुंचने के कारण किसानों को बेहतर भाव मिलने की संभावना भी बढ़ जाती है.

मौसम के अनुसार करें उन्नत बीजों का चयन

कृषि विशेषज्ञ प्रमोद कुमार के अनुसार बारिश के मौसम में सब्जियों की खेती करते समय सबसे जरूरी है कि किसान अपने क्षेत्र के मौसम और मिट्टी के अनुसार सही किस्मों का चयन करें. बेहतर गुणवत्ता वाले बीजों का इस्तेमाल करने से पौधों की बढ़वार अच्छी होती है और उत्पादन क्षमता भी बढ़ती है. कृषि विशेषज्ञ के अनुसार, अगेती गोभी की खेती के लिए किसान सबौर अग्रिम, पूसा दीपाली और सोनाली-45 जैसी उन्नत किस्मों का चुनाव कर सकते हैं. वहीं मिर्च की खेती के लिए काशी अनमोल, टमाटर के लिए काशी अमन और बैंगन की खेती के लिए काशी संदेश व काशी उत्तम जैसी किस्में किसानों के लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकती हैं. ये किस्में बारिश के मौसम में अच्छी पैदावार देने की क्षमता रखती हैं.

बारिश में जलभराव से बचाने के लिए अपनाएं रेज्ड बेड तकनीक

कृषि विशेषज्ञ प्रमोद कुमार ने बताया कि मॉनसून के दौरान खेतों  में अधिक पानी जमा होने से सब्जियों की फसल को नुकसान पहुंच सकता है. लगातार नमी रहने से पौधों की जड़ें कमजोर हो जाती हैं और गलन व फफूंद रोगों का खतरा बढ़ जाता है. उन्होंने किसानों को सलाह दी कि बारिश के मौसम में सब्जियों की खेती समतल खेतों की बजाय रेज्ड बेड यानी ऊंची क्यारियों या मेड़ पर करें. इस तकनीक से खेत में जमा अतिरिक्त पानी आसानी से बाहर निकल जाता है और पौधों की जड़ें सुरक्षित रहती हैं. इससे पौधों की वृद्धि बेहतर होती है और फसल खराब होने की संभावना कम हो जाती है.

वैज्ञानिक तरीके से खेती करने पर बढ़ेगा उत्पादन

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार केवल अच्छे बीज का चयन करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि खेती में आधुनिक तकनीकों को अपनाना भी जरूरी है. समय पर बुवाई, संतुलित खाद और उर्वरक का प्रयोग, उचित सिंचाई प्रबंधन और रोगों से बचाव के उपाय अपनाकर किसान उत्पादन बढ़ा सकते  हैं. रेज्ड बेड तकनीक से खेत में हवा का संचार बेहतर रहता है और पौधों को पर्याप्त पोषक तत्व मिलते हैं. इससे पौधे स्वस्थ रहते हैं और बीमारियों का प्रकोप कम होता है. स्वस्थ पौधों से अच्छी गुणवत्ता वाली सब्जियां प्राप्त होती हैं, जिससे किसानों को बाजार में बेहतर कीमत मिल सकती है.

अगेती सब्जियों से किसानों को मिलेगा ज्यादा लाभ

अगेती सब्जी उत्पादन किसानों के लिए अतिरिक्त आय का अच्छा जरिया बन सकता है. सामान्य मौसम की तुलना में अगेती फसल बाजार  में पहले पहुंच जाती है, उस समय सब्जियों की आवक कम होने से किसानों को अच्छे दाम मिलने की संभावना रहती है. कृषि विशेषज्ञ प्रमोद कुमार का कहना है कि किसान अगर मौसम को ध्यान में रखते हुए उन्नत बीजों का चयन करें और वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर खेती करें तो खरीफ सीजन में सब्जियों से बेहतर उत्पादन और अधिक मुनाफा प्राप्त कर सकते हैं. सही योजना और प्रबंधन के साथ बारिश का मौसम किसानों के लिए लाभ का अवसर साबित हो सकता है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़