हरियाणा सरकार ने सूरजमुखी के बढ़े एमएसपी को मंजूरी दी, हजारों किसानों को मिलेगा सीधा फायदा

हरियाणा के सूरजमुखी किसानों के लिए राहत भरी खबर है. खरीद रेट को लेकर बना भ्रम अब खत्म हो गया है. हैफेड ने अपनी गलती सुधारते हुए साफ किया है कि किसानों को इस बार फसल का बढ़ा हुआ पूरा MSP मिलेगा. इससे हजारों पंजीकृत किसानों को सीधा फायदा होगा और मंडियों में खरीद प्रक्रिया तेज होगी. पहले पुराना रेट जारी कर दिया गया था.

Saurabh Sharma
नोएडा | Published: 2 Apr, 2026 | 08:36 PM

Haryana Sunflower MSP: हरियाणा के किसानों के लिए सूरजमुखी को लेकर आई उलझन अब साफ हो गई है. कुछ दिन पहले मंडियों में खरीद रेट को लेकर भ्रम की स्थिति बन गई थी, क्योंकि हैफेड की तरफ से गलती से पुराना रेट 6540 रुपये प्रति क्विंटल जारी हो गया था. इससे किसानों में नाराजगी बढ़ी थी, क्योंकि केंद्र सरकार इस साल सूरजमुखी का MSP 7721 रुपये प्रति क्विंटल पहले ही तय कर चुकी है, जो बीते साल की तुलना में बढ़ाया गया है. अब हैफेड ने अपनी गलती मानते हुए साफ कर दिया है कि खरीद बढ़े हुए MSP पर होगी. यानी किसान भाइयों को अब उनकी फसल का पूरा और सही दाम मिलेगा.

पुराना रेट जारी होने से बढ़ी थी किसानों की चिंता

सूरजमुखी की खरीद  शुरू होने से पहले जब हैफेड की शुरुआती गाइडलाइन सामने आई, उसमें गलती से पिछले साल का रेट 6540 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज हो गया. यही बात तेजी से किसानों के बीच फैल गई. कई किसानों को लगा कि इस बार सरकार ने MSP कम कर दिया है. मंडियों में बेचने की तैयारी कर रहे किसानों के लिए यह खबर चिंता बढ़ाने वाली थी, क्योंकि बाजार में पहले से ही भाव 6400 से 6500 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास चल रहा है. किसानों का कहना था कि अगर सरकारी खरीद भी पुराने रेट पर होती, तो उन्हें बड़ा नुकसान उठाना पड़ता. यही वजह रही कि यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया और किसान संगठनों  ने भी सवाल उठाने शुरू कर दिए.

हैफेड ने सुधारी गलती, अब 7721 रुपये मिलेगा MSP

अब इस पूरे मामले पर हैफेड ने स्थिति साफ कर दी है. विभाग ने बताया कि यह सिर्फ एक क्लेरिकल मिस्टेक थी, यानी कागजी गलती से पुराना रेट लिख दिया गया था. बाद में संशोधित आदेश जारी कर दिए गए हैं, जिसमें सूरजमुखी का सही MSP 7721 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज है. इस स्पष्टीकरण के बाद किसानों ने राहत की सांस ली है. सरकार ने भी दोहराया है कि हरियाणा में सभी फसलों की खरीद केंद्र  द्वारा घोषित MSP पर ही होगी. ऐसे में सूरजमुखी उगाने वाले किसानों को अब किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है. सरकार का संदेश साफ है-किसानों की फसल का एक-एक दाना तय समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा.

18 हजार से ज्यादा किसानों ने कराया पंजीकरण

इस बार हरियाणा में सूरजमुखी की खेती  अच्छी मात्रा में हुई है. राज्य में करीब 76,785 एकड़ में सूरजमुखी की बुवाई की गई है. वहीं मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर 18,166 किसानों ने अपनी फसल बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है. सरकार को इस सीजन में लगभग 8883 टन सूरजमुखी खरीदने की मंजूरी मिली है. इससे साफ है कि खरीद प्रक्रिया को लेकर सरकार पहले से तैयारी में जुटी हुई है. रजिस्ट्रेशन की अच्छी संख्या यह भी दिखाती है कि किसान MSP पर फसल बेचने के लिए सरकारी खरीद केंद्रों पर भरोसा जता रहे हैं.

30 जून तक 17 मंडियों में होगी खरीद

राज्य सरकार ने सूरजमुखी खरीद के लिए पंचकूला समेत 5 जिलों की 17 मंडियों को चुना है. खरीद का काम 1 जून से 30 जून तक चलेगा. हैफेड के साथ हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन भी खरीद प्रक्रिया में शामिल रहेगा. सरकार का फोकस इस बार साफ और पारदर्शी खरीद पर है, ताकि किसानों को भुगतान में देरी न हो और मंडियों में किसी तरह की परेशानी न आए. बाजार भाव भले 6500 रुपये के आसपास हो, लेकिन MSP 7721 रुपये मिलने से किसानों को प्रति क्विंटल सीधा अच्छा फायदा होगा. यही वजह है कि सूरजमुखी उगाने वाले किसानों के लिए यह सीजन कमाई बढ़ाने वाला साबित हो सकता है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 2 Apr, 2026 | 08:36 PM
ज्ञान का सम्मान क्विज

आम में सबसे ज्यादा कौन सा विटामिन होता है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
कपास
विजेताओं के नाम
कमल सिंह पडिहार, आगर मालवा, मध्य प्रदेश
गुरबाज सिंह, रोपड़, पंजाब

लेटेस्ट न्यूज़