Telangana Paddy Procurement: तेलंगाना में धान की खरीदी शुरू हो गई है. किसान मंडी में अपनी उपज लेकर पहुंच रहे हैं. इसी बीच नागरिक आपूर्ति मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को किसी भी हाल न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से कम रेट नहीं मिले. साथ ही उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में धान की खरीद के लिए लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को आसान बनाया जाए, ताकि मंडियों में किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो.
रबी मार्केटिंग सीजन में धान खरीद की समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि अब काम को ‘मिशन मोड’ में किया जाए, ताकि खरीद प्रक्रिया में देरी न हो और किसानों को भीड़भाड़ के समय किसी तरह की परेशानी न झेलनी पड़े. उन्होंने कहा कि राज्य के करीब 20 जिलों में धान की आवक बढ़ने लगी है, जबकि 13 जिलों में अभी खरीद शुरू नहीं हो पाई है, क्योंकि वहां रोपाई देर से हुई है. अधिकारियों को पहले से तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आने वाले समय में धान की बड़ी आवक को आसानी से संभाला जा सके.
3,500 से अधिक नए केंद्र शुरू किए जाएंगे
द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तम कुमार रेड्डी ने कहा कि विभाग की तैयारी पूरी है और करीब 90 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की क्षमता मौजूद है. अब तक 5,000 से ज्यादा खरीद केंद्र खोले जा चुके हैं और जल्द ही 3,500 से अधिक नए केंद्र शुरू किए जाएंगे. अभी तक 4.89 लाख टन धान की खरीद की जा चुकी है. उन्होंने कहा कि धान के भंडारण के लिए 12 लाख टन क्षमता वाले एक मध्यवर्ती स्टोरेज स्थान की पहचान की गई है. इसके अलावा 20 लाख टन उबले चावल के लिए जिलावार आवंटन भी किया गया है.
- क्या तेलंगाना में नहीं हो रही धान की खरीदी, KT रामा राव ने दी आंदोलन की चेतावनी
- आग लगाने से 700 एकड़ गेहूं की फसल जलकर खाक, पूर्व CM ने की मुआवजे की मांग
- प्याज पैदावार में 29 फीसदी गिरावट की आशंका, रकबा भी हुआ कम.. बारिश से फसल चौपट
- UP में किसानों से होगी 20 लाख टन आलू की खरीद, सरकार से मिली मंजूरी.. इतने रुपये क्विंटल होगा रेट
16 करोड़ जूट की बोरियां पहले से उपलब्ध
मंत्री ने कहा कि दैनिक खरीद जरूरतों को पूरा करने के लिए करीब 16 करोड़ जूट की बोरियां पहले से उपलब्ध कराई गई हैं. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिकतर खरीद केंद्रों पर धान साफ करने वाली मशीनें और ड्रायर लगाए जाएं, ताकि नमी की समस्या से निपटा जा सके. साथ ही उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया बिना रुकावट चले, इसके लिए पर्याप्त स्टाफ की तैनाती होनी चाहिए, ताकि मजदूरों, बोरियों की कमी न हो और गुणवत्ता जांच व तौल में भी देरी न हो.
खरीद केंद्रों से समय पर उठान हो
नागरिक आपूर्ति मंत्री ने निर्देश दिया कि खरीदे गए धान को खरीद केंद्रों से समय पर उठाने के लिए परिवहन व्यवस्था को और मजबूत किया जाए. उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराज्यीय चेक पोस्टों पर निगरानी कड़ी की जाए, ताकि पड़ोसी राज्यों से धान को अवैध रूप से तेलंगाना के खरीद केंद्रों में लाने पर रोक लगाई जा सके. मंत्री उत्तम ने नागरिक आपूर्ति, मार्केटिंग और जिला प्रशासन के अधिकारियों को आपस में बेहतर तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि खरीद के बाद किसानों को भुगतान में कोई देरी नहीं होनी चाहिए और उन्हें समय पर पैसा मिलना चाहिए. उन्होंने जिलों में धान खरीद की धीमी और असमान प्रगति की समीक्षा करते हुए साफ कहा कि पूरे रबी सीजन में खरीद प्रक्रिया सुचारु रहे और कहीं भी काम का बैकलॉग न बने. इस समीक्षा बैठक में नागरिक आपूर्ति आयुक्त स्टीफन रविंद्र भी मौजूद रहे.