Papaya Farming Tips: पपीते की खेती से बढ़ेगी आमदनी! ऐसे रोपाई करें, कृषि विभाग ने दिए सुझाव

बिहार कृषि विभाग ने किसानों को पपीते की रोपाई करने की सलाह दी है. स्वस्थ पौधों और सही तकनीक से खेती करने पर बेहतर वृद्धि, जल्दी फलन और अधिक उत्पादन मिल सकता है. विभाग ने गड्ढा तैयार करने, सिंचाई और पौधों की देखभाल को लेकर जरूरी जानकारी साझा की है.

Saurabh Sharma
नोएडा | Published: 1 Aug, 2026 | 06:00 AM

Papaya Farming: बरसात का मौसम कई फसलों की खेती के लिए बेहतर माना जाता है. इसी को ध्यान में रखते हुए बिहार कृषि विभाग ने किसानों को पपीते की रोपाई करने की सलाह दी है. विभाग के अनुसार, समय पर स्वस्थ और रोगमुक्त पौधों की रोपाई करने से पौधों की अच्छी बढ़वार होती है और उत्पादन भी बेहतर मिलता है. पपीता कम समय में फल देने वाली फसल है, इसलिए किसान इसकी खेती से अच्छी आमदनी प्राप्त कर सकते हैं. सही तरीके से खेती करने पर पपीते के पौधों में रोग और कीटों का खतरा भी कम रहता है.

स्वस्थ और रोगमुक्त पौधों का करें चयन

बिहार कृषि विभाग के अनुसार, पपीते की अच्छी पैदावार  के लिए सबसे जरूरी है कि किसान रोपाई के समय स्वस्थ और रोगमुक्त पौधों का चयन करें. खराब या कमजोर पौधों की रोपाई करने से आगे चलकर फसल प्रभावित हो सकती है और उत्पादन में कमी आ सकती है. इसलिए किसानों को नर्सरी से पौधे लेते समय उनकी गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखना चाहिए. विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि पौधों की रोपाई सही समय और सही तरीके से करें. इससे पौधों का विकास तेजी से होता है और फसल लंबे समय तक बेहतर उत्पादन दे सकती है.

45x45x45 सेंटीमीटर का गड्ढा बनाकर करें रोपाई

कृषि विभाग के मुताबिक, पपीते की रोपाई के लिए खेत  में सही आकार का गड्ढा तैयार करना जरूरी है. किसानों को पौधे लगाने के लिए 45x45x45 सेंटीमीटर आकार का गड्ढा बनाना चाहिए. गड्ढे में पौधे को सीधा खड़ा करके लगाएं और उसके बाद मिट्टी को अच्छी तरह दबा दें, ताकि पौधा मजबूती से जमीन में स्थापित हो सके. रोपाई के तुरंत बाद हल्की सिंचाई करना बेहद जरूरी है. इससे पौधे को शुरुआती विकास में मदद मिलती है और जड़ों का फैलाव बेहतर होता है. बरसात के मौसम में भी खेत में जरूरत के अनुसार नमी बनाए रखना जरूरी है.

बेहतर वृद्धि से मिलेगा ज्यादा उत्पादन और बढ़ेगी आय

बिहार कृषि विभाग के अनुसार, वैज्ञानिक तरीके से पपीते की खेती करने से किसानों को कई फायदे  मिलते हैं. सही समय पर रोपाई और उचित देखभाल करने से पौधों की वृद्धि बेहतर होती है, जल्दी फल आने लगते हैं और रोग व कीटों का प्रकोप भी कम होता है. अधिक उत्पादन मिलने से किसानों की आय में बढ़ोतरी हो सकती है. विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे आधुनिक और वैज्ञानिक खेती के तरीकों को अपनाएं और बेहतर लाभ प्राप्त करें. किसी भी तरह की कृषि संबंधी जानकारी के लिए किसान बिहार कृषि विभाग की हेल्पलाइन नंबर 1800-180-1551 पर संपर्क कर सकते हैं. यह हेल्पलाइन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक उपलब्ध है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 1 Aug, 2026 | 06:00 AM

लेटेस्ट न्यूज़