Goat Farming: देश के शुष्क और गर्म इलाकों में पशुपालन लंबे समय से आजीविका का अहम साधन रहा है, लेकिन अब पारंपरिक तरीकों की जगह उन्नत नस्लों ने ले ली है. खासतौर पर सोजत नस्ल की बकरियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रही हैं. कम संसाधनों में ज्यादा मुनाफा देने वाली यह नस्ल पशुपालकों के लिए किसी चलते-फिरते बैंक बैलेंस से कम नहीं मानी जा रही. जहां पहले सीमित आय की समस्या थी, वहीं अब इस नस्ल की मदद से कमाई के नए अवसर खुल रहे हैं.
कम पानी और चारे में भी बेहतरीन प्रदर्शन
गर्मी, पानी की कमी और चारे के अभाव जैसे हालात पशुपालन को मुश्किल बना देते हैं. लेकिन सोजत नस्ल की सबसे बड़ी खासियत इसकी अनुकूलन क्षमता है. केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. वाई के सोनी के अनुसार, सोजत बकरी कम पानी और सीमित चारे में भी आसानी से जीवित रहकर अच्छी ग्रोथ देती है. यह कठिन मौसम में भी खुद को ढाल लेती है, इसलिए शुष्क क्षेत्रों के लिए उपयुक्त नस्ल मानी जाती है. इसी वजह से यह नस्ल तेजी से लोकप्रिय हो रही है और पशुपालक इसे बड़े पैमाने पर अपना रहे हैं.
मेमना 15 हजार तक, वयस्क बकरी लाखों में
इस नस्ल की बाजार में जबरदस्त मांग है. छोटे मेमने की कीमत आमतौर पर 12 से 15 हजार रुपये तक होती है. वहीं, पूरी तरह विकसित बकरी की कीमत 35 हजार रुपये से शुरू होकर लाखों रुपये तक पहुंच सकती है. डॉ. सोनी बताते हैं कि “इस नस्ल की ऊंची कीमत इसकी आकर्षक बनावट, तेज ग्रोथ और मजबूत शरीर के कारण मिलती है. खास अवसरों, विशेषकर ईद-उल-अजहा के समय इसकी मांग काफी बढ़ जाती है. कम लागत और ज्यादा मुनाफे के कारण यह बकरी पालन अब एक मजबूत बिजनेस मॉडल बन चुका है.
पहचान और खासियत: लंबे कान, मजबूत शरीर
सोजत बकरी अपनी खास बनावट के कारण आसानी से पहचानी जाती है. यह आमतौर पर सफेद रंग की होती है, जिसकी त्वचा हल्की गुलाबी आभा लिए रहती है. इसके लंबे और नीचे लटकते कान इसकी सबसे अलग पहचान हैं. साथ ही, इसका शरीर मजबूत और कद-काठी प्रभावशाली होती है. विशेषज्ञों के अनुसार, अगर वैज्ञानिक तरीके से पालन किया जाए-जैसे संतुलित आहार, नियमित टीकाकरण और साफ-सफाई-तो यह नस्ल बेहतर उत्पादन देती है और पशुपालकों की आय में लगातार बढ़ोतरी कर सकती है.
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को दे रही मजबूती
सोजत नस्ल की बकरियां अब केवल पशुपालन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह आय बढ़ाने का एक भरोसेमंद साधन बनती जा रही हैं. कम निवेश, तेजी से बढ़ती संख्या और ऊंची कीमत के कारण यह छोटे और सीमांत पशुपालकों के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो रही है. विशेषज्ञ मानते हैं कि यदि इस नस्ल को संगठित तरीके से बढ़ावा दिया जाए और सही प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए, तो यह रोजगार के नए अवसर पैदा कर सकती है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बना सकती है.