Poultry Farming: सिर्फ 100 चूजों से शुरू करें मुर्गी पालन, कम लागत में होगी बंपर कमाई

Poultry Farming Business: मुर्गी पालन कम लागत में शुरू होने वाला लाभदायक व्यवसाय है. किसान केवल 100 चूजों से इसकी शुरुआत कर सकते हैं. कई कंपनियां चूजे, दाना और तकनीकी सहायता भी देती हैं. सही देखभाल और अच्छी नस्लों के चयन से किसान मांस और अंडे दोनों बेचकर अच्छी कमाई कर सकते हैं.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 5 Jun, 2026 | 02:11 PM

Rural Business Ideas: आज के समय में गांवों के युवा सिर्फ सरकारी या निजी नौकरी पर निर्भर नहीं रहना चाहते. बड़ी संख्या में लोग खेती और पशुपालन से जुड़े छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू कर अच्छी कमाई कर रहे हैं. इन्हीं व्यवसायों में पोल्ट्री फार्मिंग तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. कम लागत, कम जगह और कम समय में अच्छा मुनाफा मिलने की वजह से यह ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार का एक बेहतर विकल्प बनकर उभरा है. अगर सही योजना और मेहनत के साथ इस व्यवसाय की शुरुआत की जाए, तो कुछ ही सालों में इसे बड़े कारोबार में बदला जा सकता है.

सिर्फ 100 चूजों से कर सकते हैं शुरुआत

कई लोग मुर्गी पालन शुरू करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें इसकी सही जानकारी नहीं होती. वे सोचते हैं कि इसके लिए लाखों रुपये निवेश करने पड़ेंगे, जबकि हकीकत इससे अलग है. कोई भी व्यक्ति केवल 100 चूजों से इस व्यवसाय की शुरुआत कर सकता है. शुरुआत में छोटा स्तर रखने से अनुभव भी मिलता है और जोखिम भी कम रहता है. बाद में जरूरत और क्षमता के अनुसार कारोबार को बढ़ाया जा सकता है.

कंपनियां भी करती हैं पूरी मदद

आज कई बड़ी पोल्ट्री कंपनियां किसानों और युवाओं को व्यवसाय शुरू करने में सहयोग दे रही हैं. ये कंपनियां चूजे, दाना, दवाइयां और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराती हैं. किसान को केवल जमीन और एक साधारण शेड की व्यवस्था करनी होती है. इसके अलावा कंपनियां समय-समय पर पशु चिकित्सक और विशेषज्ञ भी भेजती हैं, जो मुर्गियों की देखभाल, खानपान और बीमारियों से बचाव की जानकारी देते हैं. इससे नुकसान की संभावना काफी कम हो जाती है.

10 साल में छोटा काम बन सकता है कारोबार

मुर्गी पालन की शुरुआत आप 100 चूजों से करते हैं. शुरुआती दौर में आपको कई चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन लगातार मेहनत और सही प्रबंधन के दम पर आप आगे चलकर 4 से 5 हजार तक मुर्गियों का पालन कर सकते हैं. मुर्गियों को समय पर दाना-पानी और उचित देखभाल मिले तो यह व्यवसाय तेजी से आगे बढ़ सकता है. यही वजह है कि मुर्गी पालन आज किसानों और ग्रामीण युवाओं के लिए अच्छी कमाई का एक महत्वपूर्ण जरिया बनता जा रहा है.

तेजी से बढ़ने वाली नस्लों से होता है ज्यादा फायदा

मुर्गी पालन में सही नस्ल का चुनाव बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है. बाजार में उतरा, वेंकी और फोनिक्स जैसी कई ऐसी नस्लें उपलब्ध हैं, जो कम समय में तैयार हो जाती हैं. इन नस्लों की खासियत यह है कि लगभग 21 दिनों में बिक्री के लिए तैयार हो जाती हैं. इससे किसानों को जल्दी पैसा मिलता है और कारोबार की गति भी बनी रहती है.

त्योहार और शादी के सीजन में बढ़ जाती है मांग

चिकन की मांग पूरे साल बनी रहती है, लेकिन त्योहारों और शादी-ब्याह के मौसम में इसकी खपत और बढ़ जाती है. ऐसे समय में बाजार में अच्छे दाम मिलने से किसानों की कमाई भी बढ़ जाती है. इसके अलावा अंडा उत्पादन करने वाली मुर्गियों से नियमित आय का स्रोत भी बना रहता है. यानी किसान मांस और अंडे दोनों बेचकर अतिरिक्त मुनाफा कमा सकते हैं.

युवाओं के लिए बेहतर रोजगार का विकल्प

ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के सीमित अवसरों के बीच पोल्ट्री फार्मिंग युवाओं के लिए आत्मनिर्भर बनने का अच्छा माध्यम बन रही है. इसमें बड़ी मशीनों या ज्यादा पढ़ाई-लिखाई की जरूरत नहीं होती. सही जानकारी, मेहनत और प्रबंधन के जरिए कोई भी व्यक्ति इस व्यवसाय में सफलता हासिल कर सकता है.

यही कारण है कि आज बड़ी संख्या में किसान और युवा मुर्गी पालन की ओर आकर्षित हो रहे हैं. कम निवेश, कम जोखिम और अच्छी कमाई की संभावना इसे एक लाभदायक व्यवसाय बनाती है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़