Buffalo Farming: 30 दिन में 900 लीटर दूध देगी ये भैंस, सालाना कमाई 7.5 लाख रुपये होगी.. आज ही शुरू करें पालन
डेयरी बिजनेस में ज्यादा मुनाफा कमाने के लिए मुर्रा भैंस बेहतर विकल्प मानी जाती है. यह नस्ल अधिक दूध देती है और इसके दूध की बाजार में अच्छी कीमत मिलती है. सही देखभाल और संतुलित आहार से किसान कम लागत में मजबूत आमदनी हासिल कर सकते हैं.
Murrah Buffalo: अगर आप खेती के साथ ऐसा काम शुरू करना चाहते हैं, जो हर महीने पक्की आमदनी दे, तो डेयरी फार्मिंग एक बढ़िया रास्ता है. और डेयरी में भी अगर सही नस्ल चुन ली, तो कमाई कई गुना बढ़ सकती है. इसी कड़ी में मुर्रा नस्ल की भैंस को सबसे बेहतर माना जाता है. देशभर में हजारों किसान इस नस्ल को पालकर लाखों की कमाई कर रहे हैं. मुर्रा भैंस को दूध उत्पादन में अव्वल माना जाता है. आसान देखभाल, ज्यादा दूध और बाजार में ऊंची कीमत-इन तीन वजहों से यह किसानों की पहली पसंद बनती जा रही है.
कैसे पहचानें मुर्रा भैंस?
मुर्रा भैंस अपनी काली और चमकदार त्वचा के लिए मशहूर है. इसका शरीर मजबूत और गठीला होता है. इसकी पूंछ पतली होती है और सिरे पर सफेद बाल नजर आते हैं. सींगें छोटी और घुमावदार होती हैं. आंखें बड़ी और कान छोटे व हल्के मुड़े हुए होते हैं. इसी खास लुक की वजह से कई पशुपालक इसे काली सुंदरता भी कहते हैं. अगर आप डेयरी शुरू करने की सोच रहे हैं, तो असली मुर्रा की पहचान करना जरूरी है ताकि सही निवेश हो सके.
दूध उत्पादन में नंबर वन
मुर्रा भैंस रोजाना औसतन 12 से 18 लीटर तक दूध देती है. अगर देखभाल अच्छी हो, तो यह 20 लीटर या उससे ज्यादा भी दे सकती है. इसका दूध गाढ़ा और पौष्टिक होता है. इसमें फैट की मात्रा करीब 7 से 8 प्रतिशत तक होती है. ज्यादा फैट होने से इससे बना घी, मक्खन और पनीर ज्यादा स्वादिष्ट और बेहतर गुणवत्ता का होता है. यही वजह है कि बाजार में इसके दूध की मांग हमेशा बनी रहती है. खुले बाजार में इसका दूध 60 से 80 रुपये प्रति लीटर तक बिक जाता है. वहीं इससे बना घी 800 से 1000 रुपये प्रति किलो तक पहुंच सकता है. बड़े शहरों की डेयरी कंपनियां भी मुर्रा दूध को प्राथमिकता देती हैं.
कैसे होगी लाखों की कमाई?
मान लीजिए कोई किसान दो मुर्रा भैंस पालता है. अगर दोनों मिलकर रोज औसतन 15-15 लीटर दूध दें, तो दिन में 30 लीटर दूध मिलेगा. महीने में यह करीब 900 लीटर हो सकता है. अगर दूध 70 रुपये प्रति लीटर बिके, तो महीने की आमदनी करीब 63,000 रुपये तक पहुंच सकती है. साल भर में यह रकम 7.5 लाख रुपये से ज्यादा हो सकती है. इसके अलावा बछड़े-बछिया की बिक्री और गोबर से भी अलग कमाई होती है.
मुर्रा भैंस की एक और खास बात है कि यह हर मौसम में आसानी से ढल जाती है. इसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता अच्छी होती है, जिससे इलाज पर खर्च कम आता है. ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं होती, इसलिए नए पशुपालक भी इसे आसानी से संभाल सकते हैं. अगर सही योजना, साफ-सफाई और संतुलित आहार का ध्यान रखा जाए, तो मुर्रा भैंस डेयरी बिजनेस को फायदे का सौदा बना सकती है.