111 लाख गौवंशीय पशुओं को लगेगा मुफ्त टीका, लंपी वायरस रोकने के लिए अभियान शुरू

Vaccination Drive Begins Against Lumpy Virus: राजस्थान सरकार ने लम्पी रोग से पशुओं की सुरक्षा के लिए विशेष टीकाकरण अभियान शुरू किया है. पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने इसकी शुरुआत की. इस अभियान के तहत 111.51 लाख गौवंशीय पशुओं को मुफ्त वैक्सीन लगाई जाएगी, जिससे बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण और पशुपालकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

Saurabh Sharma
नोएडा | Published: 26 Jun, 2026 | 11:50 AM

Rajasthan Lumpy Disease: राजस्थान में गौवंश को लम्पी स्किन डिजीज (LSD) से सुरक्षित रखने के लिए पशुपालन विभाग ने राज्यव्यापी विशेष टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया है. पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने इस अभियान का शुभारंभ किया. विभाग का लक्ष्य वर्ष 2026-27 के दौरान 111.51 लाख गौवंशीय पशुओं का फ्री टीकाकरण करना है. इस बार लम्पी रोग की रोकथाम के लिए विशेष रूप से विकसित वैक्सीन का उपयोग किया जाएगा, जिससे बीमारी पर पहले की तुलना में अधिक प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद है.

पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने किया अभियान का शुभारंभ

अभियान की शुरुआत करते हुए पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि राज्य सरकार पशुधन को संक्रामक  बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. उन्होंने बताया कि लम्पी रोग की रोकथाम के लिए इस वर्ष बड़े स्तर पर फ्री टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने सभी गौवंशीय पशुओं का समय पर टीकाकरण कराएं और विभाग की टीमों का पूरा सहयोग करें.

इस बार विशेष वैक्सीन का होगा इस्तेमाल

राजस्थान पशुपालन विभाग के अनुसार, दो वर्ष पहले लम्पी रोग  के लिए अलग वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने के कारण गोट पॉक्स वैक्सीन का उपयोग किया गया था. अब लम्पी स्किन डिजीज के लिए होमोलॉगस रांची स्ट्रेन लाइव एटेन्यूएटेड वैक्सीन उपलब्ध है. विभाग का कहना है कि ये विशेष वैक्सीन लम्पी रोग से बचाव में अधिक प्रभावी होगी और पशुओं को बेहतर सुरक्षा प्रदान करेगी.

111.51 लाख पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य

विभाग के अनुसार, वर्ष 2025-26 में राज्यभर में 108.95 लाख गौवंशीय पशुओं का टीकाकरण किया गया था. इस वर्ष लक्ष्य बढ़ाकर 111.51 लाख पशुओं का टीकाकरण  करने का रखा गया है. अभियान के तहत राज्यभर में चरणबद्ध तरीके से टीकाकरण किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पशुओं को इस बीमारी से सुरक्षित किया जा सके.

फ्री टीकाकरण से मिलेगा पशुपालकों को लाभ

राजस्थान पशुपालन विभाग ने बताया कि लम्पी रोग की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए ये पूरा अभियान निःशुल्क संचालित किया जाएगा. विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर पशुओं को वैक्सीन  लगाएंगी. पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि समय पर टीकाकरण ही लम्पी रोग से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है. राज्य सरकार का उद्देश्य पशुधन को सुरक्षित रखना, बीमारी के फैलाव को रोकना और पशुपालकों को होने वाले आर्थिक नुकसान को कम करना है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़