केरल में एक ही खेत में धान की 570 किस्म उगा रहे किसान, हिरोद पटेल की खेती तकनीक से पीएम मोदी प्रभावित

PM Modi Man Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे किसानों की मेहनत का असर आंकड़ों में भी दिख रहा है. भारत आज दुनिया का सबसे बड़ा चावल उत्पादक देश बन चुका है. 15 करोड़ टन से अधिक चावल का उत्पादन, ये छोटी उपलब्धि नहीं है.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Updated On: 22 Feb, 2026 | 01:06 PM

उन्नत तरीकों और आधुनिक तकनीकों की मदद से खेती करने को लेकर पीएम मोदी किसानों को प्रेरित करते रहे हैं. इसके साथ ही उन्होंने पारंपरिक तरीके से एकीकृत खेती को भी किसानों के लिए मोटी कमाई वाला जरिया बताया है. पीएम मोदी ने 22 फरवरी के अपने मन की बात कार्यक्रम में ओडिशा के युवा किसान हिरोद पटेल की खेती विधियों का जिक्र करते हुए उनकी सराहना की. वहीं, पीएम मोदी ने कहा कि केरल के त्रिसूर इलाके में किसान एक ही खेत में धान की 570 किस्मों को उगा रहे हैं, इसे उन्होंने क्रांतिकारी कदम बताया.

किसानों की मेहनत से हम दुनिया के सबसे बड़े चावल उत्पादक बने

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 131वां एपिसोड में कहा कि हमारे किसानों की मेहनत का असर आंकड़ों में भी दिख रहा है. भारत आज दुनिया का सबसे बड़ा चावल उत्पादक देश बन चुका है. 15 करोड़ टन से अधिक चावल का उत्पादन, ये छोटी उपलब्धि नहीं है. हम अपनी जरूरतें पूरी कर रहे हैं और दुनिया की फूड बास्केट (food basket) में योगदान भी दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि किसान आत्मनिर्भर होकर काम कर रहे हैं और देश की जीडीपी को मजबूत कर रहे हैं.

पीएम ने किसान हिरोद पटेल की रोचक कहानी सुनाई

पीएम ने कहा कि ओडिशा में हिरोद पटेल नाम के एक युवा किसान से जुड़ी जानकारी वाकई बहुत प्रेरक है. करीब 8 साल पहले तक वे अपने पिता शिव शंकर पटेल के साथ पारंपरिक ढंग से धान की खेती करते थे लेकिन उन्होंने खेती को नए नजरिये से देखना शुरू किया. अपने खेत के तालाब के ऊपर उन्होंने मजबूत जालीदार ढांचा बनाया. उस पर बेल वाली सब्जियां उगाई, तालाब के चारों ओर केले, अमरूद और नारियल लगाए और तालाब में मछली पालन भी शुरू किया. यानि, एक ही जगह पारंपरिक खेती भी हो रही है, सब्जी भी, फल भी, मछली भी। इससे जमीन का बेहतर उपयोग हुआ, पानी की बचत हुई और अतिरिक्त आमदनी भी मिली.

Odisha farmer Hirod Patel

किसान हिरोद पटेल.

एक ही खेत में धान की 570 किस्में उगाई जा रहीं

पीएम मोदी ने कहा कि केरला के त्रिसूर जिले में एक गांव ऐसा है, जहां एक ही खेत में 570 तरह की धान की किस्में लगाई जाती हैं. इसमें स्थानीय किस्में भी हैं, हर्बल किस्में भी हैं और दूसरे राज्यों से लाई गई प्रजातियां भी हैं. ये केवल खेती नहीं, बीजों की विरासत को बचाने का महा अभियान है.

देश की आत्मनिर्भरता में किसानों की अहम भूमिका

प्रधानमंत्री ने किसानों को अन्नदाता बताते हुए कहा है कि देश की आत्मनिर्भरता में उनकी सबसे बड़ी भूमिका है. उन्होंने प्राकृतिक खेती, जैविक खेती और मोटे अनाज (श्री अन्न) को बढ़ावा देने की अपील की, ताकि खेती की लागत कम हो और मिट्टी की सेहत बेहतर रहे. उन्होंने जल संरक्षण, ड्रिप सिंचाई और “पर ड्रॉप मोर क्रॉप” जैसी पहल का उल्लेख करते हुए पानी बचाने पर जोर दिया. साथ ही किसान उत्पादक संगठनों (FPOs), डिजिटल तकनीक, ड्रोन और एग्री-स्टार्टअप्स के उपयोग से खेती को आधुनिक और लाभकारी बनाने की बात कही.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 22 Feb, 2026 | 12:17 PM

आम में सबसे ज्यादा पाया जाने वाला विटामिन कौन सा है?