सुबह-सुबह कांपी धरती, जापान-वेनेजुएला के बाद भारत के इन 2 राज्यों में महसूस हुए भूकंप के झटके

Earthquake In India: बुधवार (स्थानीय समयानुसार) को वेनेजुएला में कुछ ही मिनटों के अंतराल पर दो तेज भूकंप आए. इसके बाद गुरुवार सुबह जम्मू-कश्मीर और असम में भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार पुलवामा (जम्मू-कश्मीर) में 3.5 और असम के कुछ इलाकों में 3.7 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया.

Isha Gupta
नोएडा | Updated On: 25 Jun, 2026 | 07:33 AM

Earthquake: गुरुवार सुबह दुनिया के कई हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया. एक ओर वेनेजुएला और जापान में धरती कांपी, तो वहीं भारत के जम्मू-कश्मीर और असम के कई इलाकों में भी भूकंप के झटके दर्ज किए गए. हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है.

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में तड़के आया भूकंप

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में 25 जून की तड़के भूकंप आया. रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.5 मापी गई. भूकंप सुबह करीब 2 बजकर 36 मिनट पर दर्ज किया गया. जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र 33.913 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 75.095 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था. इसकी गहराई जमीन से लगभग 15 किलोमीटर नीचे थी. झटके महसूस होते ही कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए.

जम्मू-कश्मीर के अलावा असम के गोलपारा और उदलगुरी जिलों में भी भूकंप के झटके दर्ज किए गए. यहां रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.7 मापी गई. सुबह-सुबह आए इन झटकों से लोगों में थोड़ी चिंता जरूर बढ़ी, लेकिन किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं मिली है.

असम में तड़के महसूस हुए भूकंप के झटके

असम में गुरुवार तड़के दो अलग-अलग जगहों पर भूकंप के झटके महसूस किए गए. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार पहला भूकंप गोलापारा इलाके में रात 12:34 बजे आया, जिसकी तीव्रता 3.7 मापी गई. इसका केंद्र जमीन से करीब 12 किलोमीटर की गहराई में था. इसके बाद रात 1:13 बजे उदलगुरी जिले में दूसरा भूकंप दर्ज किया गया. इसकी तीव्रता 2.5 रही और इसका केंद्र 9 किलोमीटर की गहराई में स्थित था.

फिलहाल भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान या किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है. हालांकि झटके महसूस होने के बाद कुछ समय के लिए लोगों में चिंता का माहौल जरूर बन गया.

दुनियाभर में बढ़ी भूकंप की चिंता

हाल के दिनों में दुनिया के कई हिस्सों में आए भूकंपों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचाई. स्थानीय समय के अनुसार दोनों झटके करीब एक मिनट के अंतराल पर आए, जिससे राजधानी काराकास समेत कई इलाकों में इमारतों को नुकसान पहुंचा और बड़े पैमाने पर तबाही की खबरें सामने आईं. यह वेनेजुएला में पिछले कई दशकों के सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक हो सकता है.

वहीं जापान में भी 6.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई. लगातार अलग-अलग देशों में आ रहे भूकंपों ने एक बार फिर प्राकृतिक आपदाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

वेनेजुएला में आए दो शक्तिशाली भूकंप

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, बुधवार को वेनेजुएला में कुछ ही मिनटों के अंतराल पर दो तेज भूकंप आए. पहला भूकंप 7.1 तीव्रता का था, जिसका केंद्र कैरेबियन तट पर स्थित मोरोन शहर के पास करीब 13 किलोमीटर गहराई में था. इसके कुछ ही मिनट बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप आया. इसका केंद्र मोरोन शहर के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में करीब 10 किलोमीटर गहराई पर दर्ज किया गया. इन तेज झटकों के बाद आसपास के इलाकों में लोगों में दहशत का माहौल बन गया.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 25 Jun, 2026 | 07:26 AM

लेटेस्ट न्यूज़