उपचुनाव के रुझानों ने बढ़ाई सियासी हलचल! कहीं PK आगे तो कहीं भाजपा और कांग्रेस में जबरदस्त मुकाबला

Assembly Bypoll Results: देश के तीन राज्यों में विधानसभा उपचुनावों की मतगणना जारी है. बिहार की बांकीपुर सीट पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पांचवें आगे चल रहे हैं. मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर बनी हुई है, जबकि गुजरात की मांजलपुर सीट पर शुरुआती राउंड में भाजपा उम्मीदवार ने बढ़त बना ली है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 3 Aug, 2026 | 12:08 PM

Bypoll Results 2026 Live: देश के तीन राज्यों में हो रहे विधानसभा उपचुनावों की मतगणना जारी है. बिहार की बांकीपुर सीट, मध्य प्रदेश की दतिया सीट और गुजरात की मांजलपुर सीट पर शुरुआती रुझानों ने राजनीतिक मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है. कहीं जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं तो कहीं भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है. वहीं गुजरात में भाजपा ने शुरुआती दौर में मजबूत बढ़त हासिल कर ली है.

बांकीपुर में प्रशांत किशोर लगातार आगे

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं. निर्वाचन आयोग के अनुसार, 31 में से 5 राउंड की मतगणना पूरी होने तक उन्हें 8,971 वोट मिल चुके हैं. वहीं भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 6,652 वोट मिले हैं. इस तरह प्रशांत किशोर 2,319 वोटों की बढ़त के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं.

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा कुमारी को अब तक 1,534 वोट मिले हैं और वह तीसरे स्थान पर हैं. शुरुआती रुझानों से साफ है कि, हर राउंड के साथ प्रशांत किशोर अपनी बढ़त मजबूत करते जा रहे हैं. हालांकि अभी कई राउंड की मतगणना बाकी है, इसलिए अंतिम नतीजे का इंतजार किया जा रहा है.

दतिया में भाजपा और कांग्रेस के बीच रोमांचक मुकाबला

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प बना हुआ है. पहले दो राउंड में भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी बढ़त पर रहे. पहले राउंड में उन्हें 4,651 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के घनश्याम सिंह को 3,367 वोट मिले. दूसरे राउंड के बाद भाजपा की बढ़त 875 वोट तक पहुंच गई. उस समय आशुतोष तिवारी के खाते में 8,253 वोट, कांग्रेस उम्मीदवार के खाते में 7,378 वोट, जबकि आजाद समाज पार्टी के दामोदर यादव को 3,529 वोट मिले.

हालांकि तीसरे राउंड के बाद मुकाबला पूरी तरह रोमांचक हो गया. भाजपा की बढ़त घटकर सिर्फ 139 वोट रह गई. इस बीच कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने दावा किया कि पार्टी अब बढ़त की ओर बढ़ रही है. उनका कहना है कि कुछ जगहों पर भीतरघात का असर देखने को मिला, लेकिन अंत में कांग्रेस बड़ी जीत दर्ज करेगी. अब सभी की नजर अगले राउंड की मतगणना पर टिकी है, क्योंकि मामूली अंतर कभी भी नतीजों का रुख बदल सकता है.

गुजरात की मांजलपुर सीट पर भाजपा को शुरुआती बढ़त

गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर भी मतगणना जारी है. दूसरे राउंड के बाद भाजपा उम्मीदवार सतीश पटेल मजबूत स्थिति में नजर आ रहे हैं. उन्हें अब तक 3,109 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार भीखाभाई रबारी को 1,230 वोट मिले हैं. वहीं 110 मतदाताओं ने किसी भी उम्मीदवार को पसंद न करते हुए NOTA का विकल्प चुना. शुरुआती रुझानों में भाजपा ने यहां स्पष्ट बढ़त बना ली है, लेकिन अभी कई राउंड की मतगणना बाकी है.

आगे के राउंड पर टिकी सबकी नजर

तीनों राज्यों में मतगणना अभी जारी है और अंतिम परिणाम आने में समय है. बांकीपुर में जहां प्रशांत किशोर बढ़त मजबूत करते दिखाई दे रहे हैं, वहीं दतिया में भाजपा और कांग्रेस के बीच बेहद करीबी मुकाबला चल रहा है. दूसरी ओर गुजरात की मांजलपुर सीट पर भाजपा शुरुआती बढ़त बनाए हुए है. राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और समर्थकों की नजर अब अगले राउंड की गिनती पर है. जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ेगी, तस्वीर और साफ होती जाएगी कि, आखिर इन उपचुनावों में जीत का ताज किसके सिर सजेगा.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़