पौधों में खाद डालते समय न करें ये गलतियां, वरना फायदे की जगह होगा नुकसान

हर पौधे की जरूरत अलग होती है. कुछ पौधे ज्यादा पानी और नमी पसंद करते हैं, तो कुछ सूखी मिट्टी में बेहतर बढ़ते हैं. उदाहरण के तौर पर, जिन पौधों को रोज पानी नहीं दिया जाता, उनमें कोकोपीट मिलाना अच्छा रहता है क्योंकि यह मिट्टी में नमी बनाए रखता है.

Kisan India
नई दिल्ली | Published: 21 Feb, 2026 | 10:00 AM

Plant care tips: घर की बालकनी हो या आंगन का छोटा सा बगीचा, हर कोई चाहता है कि उसके पौधे हरे-भरे और स्वस्थ दिखें. पौधों की अच्छी बढ़वार के लिए खाद बेहद जरूरी होती है, क्योंकि यही उन्हें जरूरी पोषक तत्व देती है. खाद मिट्टी को उपजाऊ बनाती है, जड़ों को मजबूत करती है और पौधों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाती है. लेकिन कई बार लोग सही जानकारी के बिना खाद डाल देते हैं, जिससे फायदा होने की जगह नुकसान हो जाता है. पौधे पीले पड़ने लगते हैं, पत्तियां झड़ जाती हैं या जड़ें सड़ने लगती हैं. इसलिए खाद डालते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है.

हर पौधे की जरूरत अलग होती है

सबसे बड़ी गलती यह होती है कि हम सभी पौधों को एक ही तरह की खाद दे देते हैं. जबकि हर पौधे की जरूरत अलग होती है. कुछ पौधे ज्यादा पानी और नमी पसंद करते हैं, तो कुछ सूखी मिट्टी में बेहतर बढ़ते हैं. उदाहरण के तौर पर, जिन पौधों को रोज पानी नहीं दिया जाता, उनमें कोकोपीट मिलाना अच्छा रहता है क्योंकि यह मिट्टी में नमी बनाए रखता है. वहीं, फूल देने वाले पौधों के लिए वर्मी कंपोस्ट बहुत फायदेमंद होता है. इसलिए पहले यह समझें कि आपका पौधा किस प्रकार का है और उसकी पोषण जरूरत क्या है.

जरूरत से ज्यादा खाद डालना भी हानिकारक

कई लोग सोचते हैं कि ज्यादा खाद डालने से पौधा जल्दी बढ़ेगा, लेकिन यह सोच गलत है. जरूरत से ज्यादा खाद डालने पर मिट्टी में लवणता बढ़ जाती है, जिससे जड़ें जल सकती हैं. छोटे गमलों में तो खास सावधानी रखनी चाहिए. अगर पौधा एक फुट से ऊंचा है तो एक मुट्ठी खाद काफी होती है. वहीं छोटे पौधों में एक या दो चम्मच खाद ही पर्याप्त है. कम मात्रा में और सही अंतराल पर खाद देना ज्यादा सुरक्षित रहता है.

रासायनिक खाद से रखें दूरी

आजकल बाजार में कई तरह की केमिकल खाद मिलती हैं, जो तुरंत असर दिखाती हैं. लेकिन लंबे समय में ये मिट्टी की गुणवत्ता खराब कर सकती हैं. खासकर अगर आपने घर के अंदर या रसोई के लिए सब्जियां उगाई हैं, तो ऑर्गेनिक खाद का इस्तेमाल करना बेहतर है. गोबर की खाद, वर्मी कंपोस्ट या घर में बने किचन वेस्ट की खाद पौधों के लिए सुरक्षित और सस्ती होती है. इससे मिट्टी की सेहत भी बनी रहती है.

खाद डालने से पहले पानी देना न भूलें

एक और आम गलती यह है कि लोग सूखी मिट्टी में ही खाद डाल देते हैं. ऐसा करने से खाद सीधे जड़ों को नुकसान पहुंचा सकती है. बेहतर होगा कि खाद डालने से पहले हल्की सिंचाई कर लें. इससे मिट्टी नम हो जाती है और खाद आसानी से घुलकर जड़ों तक पहुंचती है. खाद डालने के बाद भी हल्का पानी देना चाहिए, ताकि पोषक तत्व मिट्टी में अच्छी तरह मिल जाएं.

धूप, हवा और पानी का संतुलन भी जरूरी

केवल खाद डाल देने से पौधे स्वस्थ नहीं रहते. उन्हें पर्याप्त धूप, ताजी हवा और सही मात्रा में पानी भी चाहिए. ज्यादातर पौधों को रोज कम से कम 6 से 8 घंटे धूप मिलनी चाहिए. अगर पौधों को सही रोशनी नहीं मिलेगी, तो खाद का असर भी कम हो जाएगा. इसी तरह ज्यादा पानी देने से जड़ें सड़ सकती हैं और कम पानी देने से पौधा सूख सकता है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 21 Feb, 2026 | 10:00 AM

आम में सबसे ज्यादा पाया जाने वाला विटामिन कौन सा है?