अप्रैल में यूरिया उत्पादन 11 फीसदी बढ़ने की उम्मीद, यूपी में 25.58 लाख टन स्टॉक बचा

खरीफ सीजन से पहले किसानों के लिए राहत की खबर है. देश में अप्रैल के दौरान यूरिया उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है, जबकि उत्तर प्रदेश में भी खाद का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है. सरकार सप्लाई, वितरण और कालाबाजारी रोकने पर लगातार नजर बनाए हुए है, जिससे किसानों को समय पर खाद मिलने की संभावना मजबूत हुई है.

Saurabh Sharma
नोएडा | Published: 16 Apr, 2026 | 10:20 PM

Fertilizer Stock:  खरीफ 2026 सीजन से पहले किसानों के लिए राहत भरी खबर है. उर्वरक विभाग के अनुसार अप्रैल 2026 में देश का घरेलू यूरिया उत्पादन 11 फीसदी से ज्यादा बढ़कर करीब 20 लाख टन रहने की उम्मीद है. मार्च में यह उत्पादन 18 लाख टन था, जो गैस सप्लाई कम होने की वजह से घट गया था. अब एलएनजी की उपलब्धता बढ़ने से उत्पादन फिर सामान्य स्तर की ओर लौट रहा है. इसके साथ करीब 6 लाख टन आयातित यूरिया भी आने की संभावना है, जिससे कुल उपलब्धता और मजबूत होगी. देश में 15 अप्रैल तक कुल उर्वरक स्टॉक 18.4 मिलियन टन दर्ज किया गया, जो पिछले साल से ज्यादा है.

युद्ध के असर से आयात महंगा, फिर भी सप्लाई पर फोकस

पश्चिम एशिया संकट के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में यूरिया की कीमतों  में तेज उछाल आया है. भारतीय पोटाश लिमिटेड को हालिया टेंडर में यूरिया के दाम करीब 935 से 959 डॉलर प्रति टन तक मिले हैं, जो दो महीने पहले के मुकाबले लगभग दोगुने हैं. इसके बावजूद केंद्र सरकार ने खरीफ सीजन से पहले सप्लाई मजबूत रखने पर जोर दिया है. सरकार का फोकस है कि किसानों तक समय पर खाद पहुंचे और बोआई पर कोई असर न पड़े. यही वजह है कि घरेलू उत्पादन और आयात दोनों मोर्चों पर तेजी से काम किया जा रहा है.

Urea Production, Fertilizer Stock, Kharif Season, Uttar Pradesh, Agriculture News

यूरिया उत्पादन बढ़ा, यूपी में पर्याप्त खाद स्टॉक से भरोसा.

यूपी में यूरिया, डीएपी और एनपीके का मजबूत स्टॉक

उत्तर प्रदेश में खरीफ सीजन से पहले उर्वरकों की उपलब्धता  मजबूत बनी हुई है. ताजा आंकड़ों के अनुसार यूरिया का कुल स्टॉक 11,38,903 टन है, जिसमें 4,16,229 टन सहकारिता क्षेत्र और 7,22,674 टन निजी क्षेत्र में मौजूद है. इसी तरह डीएपी का कुल स्टॉक 4,93,335 टन दर्ज किया गया है, जिसमें 2,38,429 टन सहकारिता और 2,54,906 टन निजी क्षेत्र में उपलब्ध है. वहीं एनपीके का कुल स्टॉक 4,76,253 टन है, जिसमें 1,75,281 टन सहकारिता क्षेत्र और 3,00,973 टन निजी क्षेत्र में रखा गया है. यह मजबूत भंडारण किसानों के लिए राहत भरी खबर है और आने वाले खरीफ सीजन में खाद की कमी की आशंका को काफी हद तक कम करता है.

कालाबाजारी रोकने और संतुलित उपयोग पर जोर

उर्वरक विभाग  और राज्य सरकारें अब सिर्फ सप्लाई ही नहीं, बल्कि कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने पर भी सख्त नजर रख रही हैं. कई राज्यों में निरीक्षण अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि सब्सिडी वाली यूरिया का गलत इस्तेमाल न हो. किसानों को सलाह दी जा रही है कि वे जरूरत के हिसाब से ही खाद खरीदें और मिट्टी जांच के आधार पर संतुलित उपयोग करें. इससे लागत कम होगी और फसल उत्पादन बेहतर रहेगा. कुल मिलाकर, बढ़ते घरेलू उत्पादन, आयात और यूपी के मजबूत स्टॉक को देखते हुए खरीफ 2026 में खाद संकट की आशंका काफी कम नजर आ रही है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 16 Apr, 2026 | 10:20 PM
ज्ञान का सम्मान क्विज

दूध उत्पादन में कौन सा राज्य सबसे आगे है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
जायद सीजन.
विजेताओं के नाम
रजनीश जाट, नासिराबाद, अजमेर राजस्थान.

लेटेस्ट न्यूज़