Mustard Cultivation: सर्दी का मौसम अब समाप्ति की ओर है. अब धीरे-धीरे गर्मी की आहट होने लगी है. फरवरी का महीना खत्म होते-होते पूरी तरह से गर्मी का आगम हो जाएगा. इसका असर फसलों के ऊपर भी पड़ेगा. लेकिन मौजूदा वक्त सरसों की फसल के लिए बहुत ही संवेदनशील है. क्योंकि फरवरी महीने में सरसों में रोग लगने की संभावना बढ़ जाती है. अगर इस समय फसल की सही तरह से देखरेख नहीं की गई है तो फसल को नुकसान पहुंच सकता है. ऐसे में पैदावार में गिरावट आने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा. लेकिन किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है. थोड़ी सी सावधानी अपनाकर फरवरी महीने में सरसों की फसल को गर्मी से होने वाले नुकसान से बचा सकते हैं.
कृषि एक्सपर्ट का कहना है कि फरवरी में तेज हवा चलने और अधिक नमी के चलते सरसों की फसल में सफेद रस्ट और पाउडरी मिल्ड्यू जैसे रोग तेजी से फैलते हैं. ऐसे में इन बीमारियों की समय पर पहचान और सही प्रबंधन बहुत जरूरी है. दरअसल, फरवरी के दौरान मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहता है और तापमान में बदलाव के साथ नमी बढ़ जाती है, जिससे कीटों और रोगों का प्रकोप तेज हो सकता है. खासतौर पर इस मौसम में फंगल रोग तेजी से फैलते हैं, जिनकी समय पर पहचान और रोकथाम बेहद जरूरी है.
पत्तियों के निचले हिस्से में सफेद धब्बे दिखाई देते हैं
कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि फरवरी में मौसम में होने वाले बदलाव सरसों की फसल के लिए नुकसानदेह हो सकते हैं. खासकर सफेद रस्ट और पाउडरी मिल्ड्यू जैसे रोगों का खतरा ज्यादा रहता है. ये बीमारियां हवा के जरिए एक पौधे से दूसरे पौधे तक तेजी से फैल सकती हैं और पूरे खेत को प्रभावित कर सकती हैं. सफेद रस्ट आमतौर पर पत्तियों के निचले हिस्से में सफेद धब्बों के रूप में दिखाई देता है, जिससे पौधे की बढ़वार रुक जाती है और उत्पादन घटता है. इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है. बचाव के लिए जरूरी है कि संक्रमित पौधों और पत्तियों को तुरंत खेत से निकालकर किसी गड्ढे में दबा दिया जाए, ताकि बीमारी आगे न फैले.
इस तरह कर सकते हैं फसल का इलाज
अगर किसान चाहें, तो फसल को रोगों से बचाने के लिए मैनेकोजेब या कार्बेंडाजिम का छिड़काव कर सकते हैं. इसके लिए दवा को दो ग्राम प्रति लीटर पानी में घोलकर फसल पर अच्छी तरह छिड़कें. इस उपाय से सरसों के पौधों को फंगल रोगों से सुरक्षा मिलती है और समय पर छिड़काव करने से पैदावार में होने वाले नुकसान को रोका जा सकता है.