पंजाब के संगरूर में किसानों ने सीएम आवास घेरा, 27 मंत्रियों के दफ्तरों पर पहुंचे किसान.. जान लें क्या है मामला

किसान मजदूर मोर्चा के मीडिया प्रभारी गुरनीत सिंह मंगत ने बताया कि सरवन सिंह पंढेर के नेतृत्व में संगरूर में मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास का घेराव कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में किसान मौके पर पहुंचे हैं. उन्होंने कहा कि किसानों का हक मिलने तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Updated On: 5 Feb, 2026 | 12:07 PM

किसान मजदूर मोर्चा पंजाब चैप्टर के नेता सरवन सिंह पंढेर के आह्वान पर आज किसानों ने पंजाब के सीएम और मंत्रियों के साथ ही विधायकों के दफ्तरों का घेराव किया है. संगरूर में सीएम भगवंत मान के दफ्तर का घेराव किसानों ने किया है. सरवन सिंह पंढेर के नेतृत्व सीएम आवास पर किसान एकजुट हुए हैं और किसानों की मांगो को पूरा करने की मांग की जा रही है.  वहीं, मोहाली, अमृतसर समेत कई शहरों में नेताओं और मंत्रियों का आज घेराव किया जा रहा है.

सीएम आवास के घर पर पहुंचे सैकड़ों किसान

किसान मजदूर मोर्चा के मीडिया प्रभारी गुरनीत सिंह मंगत ने किसान इंडिया को बताया कि सरवन सिंह पंढेर के नेतृत्व में संगरूर में मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास का घेराव कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में किसान मौके पर पहुंचे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार ने 5 जनवरी को तय बैठक बिना बताए रद्द कर दी, जिसके बाद नाराज किसानों ने पंजाब में कई जगह पर विरोध प्रदर्शन किया था. आज फिर से किसान घेराव कर रहे हैं.

गुरनीत सिंह मंगत ने कहा कि किसान मजदूर मोर्चा पंजाब चैप्टर की ओर से आज पंजाब भर में सीएम आवास समेत 27 मंत्रियों और विधायकों के आवास घेराव का ऐलान किया गया था, जिसके तहत वह मोहाली में विधायक कुलवंत सिंह के आवास का घेराव कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि अलग, अलग जिलों में विधायकों के आवास का घेराव किया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि किसानों की मांगों को लेकर कई महीनों से संगठन सरकार के समक्ष अपनी बात रख रहा है, लेकिन सुनना या बात करना भी सरकार नहीं चाह रही है. ऐसे में हमारे पास धरना प्रदर्शन के अलावा कोई विकल्प नहीं बच रहा है. बिना बताए सरकार किसानों के साथ प्रस्तावित बैठक को रद्द कर देती है और जब सवाल पूछा जाता है तो टरकाया जाता है.

सरवन सिंह पंढेर के आह्वान पर पहुंचे हजारों किसान

वहीं, किसान सरवन सिंह पंढेर ने आज सुबह तड़के वीडियो संदेश जारी कर किसानों से आज के धरना प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया है. किसान मजदूर मोर्चा पंजाब चैप्टर की ओर से किसान नेताओं ने पंजाब सरकार के नेताओं के घेराव का ऐलान किया है. जिसके बाद भारी संख्या में किसान और मजदूर एकजुट होकर, संगरूर, अमृतसर, मोहाली समेत लगभग सभी जिलों में नेताओं और मंत्रियों के दफ्तरों के सामने आज प्रदर्शन कर रहे हैं.  किसान नेताओं ने कहा कि बीते कई महीनों से किसान अपनी मांगों को लेकर पंजाब में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. लेकिन, सरकार ध्यान नहीं दे रही है. उल्टा किसानों को बंद करने की कार्रवाई की जा रही है.

21 विधायकों और 6 मंत्रियों के साथ सीएम आवास का घेराव

किसान मोर्चा ने कहा कि आज 5 फरवरी 2026 को पूरे पंजाब में 21 विधायकों और 6 मंत्रियों के साथ ही मुख्यमंत्री के आवासों के सामने एक दिवसीय धरना दिया जा रहा है. किसानों की मांगों को पूरा कराने के लिए संकल्प लिया जाएगा. अगर आज सीएम और मंत्रियों की ओर से भरोसेमंद जवाब नहीं मिलता है तो फिर जल्दी बड़ा आंदोलन राज्य में शुरू किया जाएगा.

किसानों की मुख्य मांगें

  1. शंभू–खनौरी आंदोलन के दौरान हुए नुकसान के लिए 3 करोड़ 77 लाख रुपये का मुआवजा
  2. MSP को कानूनी गारंटी देने का कानून बनाया जाए
  3. किसानों-मजदूरों की कर्ज माफी सहित बाकी सभी लंबित मांगें पूरी की जाएं
  4. आंदोलन में घायल हुए लोगों और शहीदों को शेष मुआवज़ा तथा नौकरियां दी जाएं
  5. जिन दोषी अधिकारियों ने किसानों-मज़दूरों पर अत्याचार किया और उनका सामान चोरी किया, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
  6. बाढ़ से नष्ट हुई फसलों, घरों और पशुओं के नुकसान का शेष मुआवज़ा तुरंत जारी किया जाए.
  7. पंजाब सरकार विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर इन कानूनों/समझौतों के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजे.
  8. स्मार्ट मीटर या प्री-पेड मीटर जबरन लगाए जाना पंजाब सरकार तुरंत बंद करे.
  9. पराली प्रदूषण के नाम पर की गई रेड एंट्रियां, जुर्माने और पुलिस केस वापस लिए जाएं
  10. यूरिया खाद की कमी को दूर किया जाए और इसकी व्यावसायिक कालाबाज़ारी बंद की जाए.
  11. चल रहे गन्ना सीजन की बकाया पेमेंट किसानों को तुरंत दी जाए.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 5 Feb, 2026 | 12:01 PM

केला जल्दी काला क्यों पड़ जाता है?