कम लागत में शुरू करें बिजनेस, ICAR दे रहा मशरूम और मधुमक्खी पालन की फ्री प्रोफेशनल ट्रेनिंग का मौका

ICAR Training: ICAR के भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (IIVR), वाराणसी में 27 से 31 जुलाई 2026 तक मशरूम और मधुमक्खी पालन पर 5 दिवसीय व्यावहारिक प्रशिक्षण आयोजित होगा. इसमें वैज्ञानिक तरीके से उत्पादन, प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग की जानकारी दी जाएगी.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 11 Jul, 2026 | 07:30 PM

Mushroom Farming Training: अगर आप खेती के साथ कोई ऐसा काम शुरू करना चाहते हैं जिससे अतिरिक्त कमाई हो सके, तो यह खबर आपके लिए काम की है. भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के अंतर्गत भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (IIVR), वाराणसी किसानों, युवाओं और कृषि उद्यमियों के लिए मशरूम एवं मधुमक्खी पालन पर पांच दिवसीय व्यावहारिक प्रशिक्षण आयोजित कर रहा है. यह प्रशिक्षण 27 से 31 जुलाई 2026 तक चलेगा, जिसमें आधुनिक तकनीकों के साथ प्रोसेसिंग और मार्केटिंग की भी जानकारी दी जाएगी.

संस्थान का उद्देश्य प्रतिभागियों को ऐसा प्रशिक्षण देना है, जिससे वे कम लागत में अपना स्वरोजगार शुरू कर सकें और खेती के साथ अतिरिक्त आय का मजबूत साधन तैयार कर सकें.

मशरूम की खेती का मिलेगा पूरा प्रशिक्षण

प्रशिक्षण में मशरूम की खेती का पूरा तरीका सिखाया जाएगा. इसमें बताया जाएगा कि अच्छा बीज (स्पॉन) कैसे तैयार करें, खेती के लिए सही तापमान और नमी कैसे बनाए रखें और फसल को बीमारियों व कीटों से कैसे बचाएं. इसके अलावा मशरूम की तुड़ाई, छंटाई, पैकिंग और बाजार में बेचने की पूरी जानकारी भी दी जाएगी. सिर्फ ताजा मशरूम बेचने की बजाय मशरूम का अचार, पाउडर और दूसरे तैयार उत्पाद बनाने का तरीका भी सिखाया जाएगा, ताकि किसान और युवा अपनी कमाई बढ़ा सकें.

मधुमक्खी पालन से बढ़ेगी अतिरिक्त आय

प्रशिक्षण के दौरान मधुमक्खी पालन के नए और आसान तरीके भी सिखाए जाएंगे. विशेषज्ञ बताएंगे कि छत्ते की सही देखभाल कैसे करें, मधुमक्खियों को स्वस्थ कैसे रखें और शहद का उत्पादन कैसे बढ़ाएं.

इसके अलावा सिर्फ शहद ही नहीं, बल्कि मधुमोम (बीजवैक्स), रॉयल जेली और प्रोपोलिस जैसे दूसरे उत्पाद बनाने, उनकी पैकिंग और बाजार में बेचने की भी जानकारी दी जाएगी. इससे लोग सिर्फ शहद बेचने पर निर्भर नहीं रहेंगे, बल्कि दूसरे उत्पादों से भी अच्छी कमाई कर सकेंगे.

मार्केटिंग और बिजनेस की भी मिलेगी जानकारी

आज के समय में केवल उत्पादन करना ही काफी नहीं है, बल्कि उत्पाद को सही बाजार तक पहुंचाना भी जरूरी है. इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण में मार्केटिंग, पैकेजिंग और मूल्य संवर्धन पर भी विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे. विशेषज्ञ बताएंगे कि उत्पाद की ब्रांडिंग कैसे करें, बेहतर पैकेजिंग कैसे तैयार करें और बाजार में अच्छी कीमत कैसे प्राप्त करें.

आवेदन की अंतिम तिथि और जरूरी जानकारी

इस प्रशिक्षण के लिए इच्छुक अभ्यर्थी 15 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. संस्थान ने सीटों की संख्या सीमित रखी है, इसलिए समय रहते आवेदन करना जरूरी होगा.

प्रशिक्षण से जुड़ी मुख्य जानकारी:

  • प्रशिक्षण अवधि: 27 से 31 जुलाई 2026
  • स्थान: भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (IIVR), वाराणसी
  • प्रशिक्षण शुल्क: 6,000 रुपये प्रति प्रतिभागी
  • कुल सीटें: 25
  • चयन प्रक्रिया: पहले आओ, पहले पाओ

किसानों और युवाओं के लिए सुनहरा मौका

मशरूम की खेती और मधुमक्खी पालन ऐसे कृषि व्यवसाय हैं, जिन्हें कम खर्च में शुरू किया जा सकता है और इनसे अच्छी कमाई भी होती है. ऐसे में ICAR-IIVR का यह प्रशिक्षण किसानों, युवाओं और अपना काम शुरू करने की सोच रहे लोगों के लिए अच्छा मौका है. इस प्रशिक्षण में विशेषज्ञ आधुनिक तरीके सिखाएंगे, जिससे प्रतिभागी मशरूम की खेती या मधुमक्खी पालन का अपना व्यवसाय शुरू कर सकेंगे. इससे वे खेती के साथ-साथ अपनी आमदनी भी बढ़ा सकते हैं.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 11 Jul, 2026 | 07:30 PM

लेटेस्ट न्यूज़