भारत में जापान लगाएगा 1000 खाद प्लांट.. करेगा 10 अरब डॉलर का निवेश, जानें पूरी डील

भारत और जापान के बीच हुई नई साझेदारी को आर्थिक विकास के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है. इस समझौते से निवेश, तकनीक और कृषि क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी. रोजगार बढ़ने की उम्मीद है और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी. दोनों देशों के सहयोग से भविष्य में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं.

Saurabh Sharma
नोएडा | Updated On: 3 Jul, 2026 | 05:44 PM

India Japan Investment: भारत और जापान के बीच आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है. दोनों देशों ने कई महत्वपूर्ण समझौतों की घोषणा की है, जिनमें रक्षा, तकनीक, ऊर्जा और निवेश जैसे अहम क्षेत्र शामिल हैं. इस सहयोग के तहत जापान भारत में 10 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का निवेश करेगा. साथ ही कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए 1000 बायोगैस और ऑर्गेनिक खाद प्लांट लगाने की योजना भी बनाई गई है. यह साझेदारी भारत की अर्थव्यवस्था, रोजगार और तकनीकी विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

6 प्रमुख क्षेत्रों में भारत–जापान समझौते

भारत और जापान  ने कुल 6 महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग समझौते किए हैं, जो आने वाले समय में दोनों देशों के रिश्तों को नई दिशा देंगे. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रक्षा क्षेत्र में दोनों देश मिलकर नौसेना के लिए यूनिकॉर्न रेडियो एंटीना सिस्टम विकसित करेंगे, जिससे समुद्री सुरक्षा और मजबूत होगी. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाकर नई तकनीकों के विकास पर काम किया जाएगा, जिससे डिजिटल नवाचार को बढ़ावा मिलेगा. आर्थिक सुरक्षा के तहत दोनों देश सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिज और आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई चेन को मजबूत करेंगे, ताकि किसी भी वैश्विक संकट के दौरान आपूर्ति प्रभावित न हो. स्वास्थ्य क्षेत्र में फार्मास्यूटिकल्स, मेडिकल डिवाइस और बायोटेक्नोलॉजी में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है, जिससे सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं विकसित होंगी.

ऊर्जा और कृषि क्षेत्र में बड़ा बदलाव

ऊर्जा क्षेत्र में बायोगैस पहल के तहत भारत में 1000 बायोगैस और ऑर्गेनिक खाद प्लांट  लगाए जाएंगे. इसका उद्देश्य देश में खाद की उपलब्धता बढ़ाना और कृषि को अधिक टिकाऊ बनाना है. यह कदम किसानों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद करेगा. इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.

निवेश और औद्योगिक विकास की नई दिशा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि पिछले एक वर्ष में 100 से अधिक नए व्यापारिक समझौतों  पर हस्ताक्षर हुए हैं, जिनसे भारत में 10 अरब डॉलर से अधिक का जापानी निवेश सुनिश्चित हुआ है. इसके अलावा जापान अगले 10 वर्षों में भारत में 10 ट्रिलियन येन (करीब 6 लाख करोड़ रुपये) का निवेश करेगा. इस निवेश से भारत की औद्योगिक क्षमता, तकनीकी विकास और रोजगार सृजन को नई गति मिलेगी. विशेष रूप से ऑटोमोबाइल और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे.

खरखौदा में बड़ा औद्योगिक प्रोजेक्ट और रोजगार सृजन

हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा में मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के चौथे वाहन निर्माण संयंत्र का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री सानाए तकाइची ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया. यह अत्याधुनिक प्लांट 800 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया गया है. वर्तमान में इसकी उत्पादन क्षमता 5 लाख वाहन प्रति वर्ष है, जिसे भविष्य में 10 लाख वाहन प्रति वर्ष तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है. इस पूरे प्रोजेक्ट में लगभग 35 हजार करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है और इससे 21 हजार से अधिक लोगों को रोजगार  मिलने की संभावना है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 3 Jul, 2026 | 04:54 PM

लेटेस्ट न्यूज़