किसानों के आक्रोश के बाद खरीद केंद्रों पर तौल कांटों की संख्या बढ़ी, स्लॉट बुकिंग की डेट पर राहत

Madhya Pradesh wheat procurement: मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री गोविंद राजपूत ने कहा कि एमएसपी पर अब तक 1.36 लाख किसानों से 59.48 लाख क्विंटल गेहूं खरीद की जा चुकी है. किसानों को 575 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है. किसानों 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस राशि सहित गेहूं का कुल भाव 2625 रुपये प्रति क्विंटल दिया जा रहा है.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Updated On: 19 Apr, 2026 | 07:43 PM

गेहूं खरीद केंद्रों पर लंबी लंबी लाइनें लगने और खरीद में देरी को लेकर नाराज किसानों की शिकायतों को सरकार ने दूर कर दिया है. भारतीय किसान संघ के नेता राघवेंद्र पटेल ने किसान इंडिया को बताया कि गेहूं खरीद केंद्रों पर तौल कांटों की संख्या कम होने की वजह से लंबी-लंबी लाइनें लग जा रही थीं. जबकि, किसानों को स्लॉट बुकिंग में परेशानियां हो रही थीं. उन्होंने कहा कि आक्रोशित किसानों ने इन समस्याओं को लेकर संगठन से बात की थी, जिसके बाद संगठन की ओर से मध्य प्रदेश शासन को ज्ञापन दिया गया था, जिसके बाद अब सरकार ने तौल कांटे बढ़ाने के साथ ही स्लॉट बुकिंग की तारीख को भी बढ़ा दिया है. वहीं, किसानों के खाते में 575 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया गया है.

गेहूं खरीद केंद्रों पर तौल कांटे बढ़ाने के मंत्री ने दिए आदेश

मध्य प्रदेश सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बयान में कहा कि किसानों की सुविधा के लिए गेहूं खरीद केंद्रों पर तौल कांटों की संख्या को चार से बढ़कर 6 कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि इससे किसानों की तौल में हो रही देरी की शिकायत दूर हो जाएगी और समय पर किसानों के गेहूं की तुलाई हो सकेगी. इस पर भारतीय किसान संघ के नेता राघवेंद्र पटेल ने किसान इंडिया को बताया कि गेहूं खरीद केंद्रों पर तौल कांटों की संख्या कम होने की वजह से लंबी-लंबी लाइनें लग जा रही थीं. शिकायत के बाद राज्य सरकार ने किसानों के हित में निर्णय लिया है.

स्लॉट बुकिंग तारीख और केंद्रों की गेहूं खरीद क्षमता बढ़ी

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बयान में कहा कि किसान गेहूं बिक्री के लिए 30 अप्रैल 2026 तक स्लॉट बुक कर सकते हैं. गेहूं बिक्री के लिए स्लॉट बुकिंग की समयसीमा को बढ़ाया जा रहा है. मंत्री ने कहा कि अभी तक 4.22 लाख किसानों ने 1.82 करोड़ क्विंटल गेहूं बिक्री के लिये स्लॉट बुक किये हैं.उन्होंने कहा कि गेहूं खरीदी के लिये 3171 उपार्जन केन्द्र बनाये गये हैं. किसान गेहूं बिक्री के लिए कार्यालय दिवसों में ही पहुंचें. खरीद केंद्रों की क्षमता अनुसार उपज की तौल की जा सके और अधिक से अधिक किसानों का गेहूं खरीदा जा सके, इसके लिये प्रतिदिन प्रति उपार्जन केन्द्र पर गेहूं बिक्री स्लॉट बुकिंग क्षमता 1000 क्विंटल से बढ़ाकर 1500 क्विंटल की गई है.

1.36 लाख किसानों के खाते में भेजे 575 करोड़ रुपये

मंत्री ने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अभी तक 1.36 लाख किसानों से 59.48 लाख क्विंटल गेहूं की खरीदी की जा चुकी है. किसानों को 575 करोड़ 86 लाख रुपए का भुगतान उनके बैंक खाते में किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि किसानों से 2585 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य और राज्य सरकार की ओर से घोषित 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस राशि सहित 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं का मूल्य किसानों को दिया जा रहा है.

सरकार ने इस सीजन खरीद टारगेट बढ़ाया

मंत्री ने कहा कि प्रदेश में गेहूं खरीद के लिए इस वर्ष रिकार्ड 19 लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3 लाख 60 हजार अधिक है. बीते साल समर्थन मूल्य पर लगभग 77 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई थी. इस साल युद्ध की विपरीत परिस्थितियों के बावजूद किसानों के हित में सरकार की ओर से 78 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य रखा गया है, जो कि पिछले वर्ष से एक लाख मीट्रिक टन अधिक है. उन्होंने कहा कि किसानों से गेहूं खरीद तय समय पर की जा रही है और यदि कहीं उन्हें दिक्कत होती है तो वह संबंधित इलाके के कंट्रोल रूम को सूचित करें. उनकी समस्या को तुरंत हल किया जाएगा.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 19 Apr, 2026 | 07:41 PM
ज्ञान का सम्मान क्विज

भारत की सबसे छोटी गाय नस्ल का नाम क्या है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
उत्तर प्रदेश
विजेताओं के नाम
कन्हैया कुमार रंजन, समस्तीपुर, बिहार

लेटेस्ट न्यूज़