Tamil Nadu Assembly Elections: तमिलनाडु में आगामी 23 अप्रैल को विधानसभा चुनावों के लिए मतदान होना है. इसके पहले राजनीतिक दल किसानों और ग्रामीण वोटर्स को लुभाने के लिए एक के बाद एक नया वादा कर रहे हैं. तमिलागा वेट्री कझगम (टीवीके) के प्रमुख विजय ने किसानों की पूरी कर्जमाफी का ऐलान किया है और कहा है कि अगर वह सत्ता में आए तो फसल नुकसान का 100 फीसदी बीमा राशि किसानों को देंगे. जबकि, बुनकरों को 30 हजार रुपये सालाना देंगे और 10 लाख रुपये का बीमा देंगे. इससे पहले भाजपा, कांग्रेस और डीएमके ने किसानों को अपनी ओर लाने के लिए कई चुनावी वादे किए हैं.
तमिलनाडु में मतदान के लिए अब कुछ दिन ही बचे हैं और राज्य में चुनावी रैलियों और भाषणों ने तेजी पकड़ ली है. इसके साथ ही लुभावने वादों का अंबार लग गया है. TVK प्रमुख विजय ने 23 अप्रैल के चुनाव जीतने के बाद सत्ता में आने पर किसानों के फसल ऋण माफ करने का आश्वासन दिया है. तिरुपूर में जनसभा में बोलते हुए विजय ने कहा कि वह किसानों के फसल ऋण माफ करेंगे.
धान का एमएसपी 3500 रुपये और गन्ना का 4500 रुपये देने का भरोसा
विजय ने कहा कि 5 एकड़ से कम जमीन वाले छोटे किसानों के लिए फसल ऋण की पूरी तरह माफ किया जाएगा. 5 एकड़ से अधिक जमीन वाले किसानों के लिए 50 फीसदी माफी दी जाएगी. इसके अलावा उन्होंने धान के लिए 3,500 रुपये प्रति क्विंटल और गन्ने के लिए 4,500 रुपये प्रति टन देने का वादा किया. अभिनेता-राजनेता ने आरोप लगाया कि DMK शासन के दौरान कई MSMEs बंद हो गए और यह संख्या देश में दूसरी सबसे अधिक थी.
पीएम किसान की राशि 9 हजार देने का बीजेपी ने किया वादा
BJP Manifesto For Tamil Nadu Elections: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव (Tamil Nadu Elections) से पहले बीजेपी ने महिलाओं, किसानों, युवाओं और परिवारों को साधने के लिए कई बड़े वादों वाला घोषणापत्र जारी किया है. पार्टी ने महिला मुखियाओं को हर महीने 2000 रुपये सहायता, साल में 3 मुफ्त एलपीजी सिलेंडर, हर परिवार को एकमुश्त 10,000 रुपये और महिलाओं को ई-स्कूटर खरीदने पर 25,000 रुपये सब्सिडी देने का वादा किया है. इसके साथ किसानों के लिए पीएम किसान पर 3000 रुपये टॉप-अप देने की भी घोषणा की गई है, यानी कुल 9000 रुपये सालाना मदद का दावा किया गया है. यह घोषणापत्र चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना रहा है.
कांग्रेस का एमएसपी गारंटी, कर्जमाफी और रिटेल बाजार खोलने का वादा
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में कांग्रेस ने किसानों के लिए प्रमुख वादों में फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी, किसानों की कृषि कर्ज माफी, और स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने का संकल्प लिया है. इसके अलावा, कांग्रेस ने कृषि ऋण की निगरानी के लिए एक स्थाई आयोग और उत्पादकों के लिए खुदरा बाजार स्थापित करने का भी आश्वासन दिया है.
सत्तारूढ़ डीएमके ने धान का भाव बढ़ाने समेत कई वादे किए
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के नेतृत्व में उनकी पार्टी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने विधानसभा चुनावों में फिर से जीत दर्ज करने का दावा ठोक है. डीएमके (DMK) ने 2026 तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए अपने घोषणापत्र में किसानों के लिए कई प्रमुख वादे किए हैं. इसमें धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) बढ़ाकर 3500 रुपये प्रति क्विंटल करने का वादा प्रमुख है. जबकि, 20 लाख किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त आधुनिक पंपसेट देने के साथ ही अलग से कृषि बजट लाने को प्राथमिकता देने का भरोसा दिया है. इसके अलावा जैविक खेती करने वाले किसानों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना के तहत नकद राशि देने का वादा किया है.