Flower Market: फूलों के दाम ने पकड़ी रफ्तार, चमेली 1000 रुपये किलो.. गुलाब-गेंदा भी महंगे

आंध्र प्रदेश के कुप्पम में त्योहारों और शादी सीजन के चलते फूलों के दाम तेजी से बढ़े हैं. कनकांबरम 1,500-1,800 रुपये किलो, चमेली 1,000 रुपये और गुलाब 400 रुपये किलो पहुंच गया है. कारोबारियों को अगले दिनों में भी कीमतें ऊंची रहने की उम्मीद है. विनायक चतुर्थी और शादियों की बढ़ती मांग से किसानों को बेहतर दाम मिलने की संभावना है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 28 Aug, 2026 | 02:15 PM

आंध्र प्रदेश के कुप्पम और आसपास के थोक बाजारों में फूलों की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई है. त्योहारों, शुभ मुहूर्त और शादियों के चलते फूलों की मांग बढ़ गई है. इससे ग्राहकों, फूल विक्रेताओं और शादी समारोहों के डेकोरेटर्स की खरीद लागत बढ़ी है, जबकि किसानों को बेहतर दाम मिल रहे हैं. अगले दो हफ्तों में कई शादियां होने वाली हैं. ऐसे में कारोबारियों का अनुमान है कि शादी के सीजन के दौरान फूलों के दाम ऊंचे बने रह सकते हैं. वहीं, विनायक चतुर्थी नजदीक आने से मांग और बढ़ने की उम्मीद है. स्थानीय बाजार में कनकांबरम (क्रॉसेंड्रा) सबसे महंगा फूल बना हुआ है. इसकी गुणवत्ता के आधार पर थोक कीमत 1,500 से 1,800 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है. खास बात यह है कि कुप्पम में चमेली 1,000 रुपये किलो, गुलाब और गेंदा भी महंगे हैं.

द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, कुप्पम के बाजार में चमेली की कीमत करीब 1,000 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है. वहीं, जाजुलु यानी जाठी/जाथीमल्ली करीब 800 रुपये, गुलाब 400 रुपये और गुलदाउदी 240 रुपये किलो बिक रही है. गेंदा यानी चेंदु मल्लि की कीमत भी बढ़कर करीब 80 रुपये प्रति किलो हो गई है. राज्य के मंडी आंकड़ों में भी चमेली की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव  देखने को मिल रहा है.

त्योहार और शादी सीजन का असर

कुप्पम और पलमनेर रायसीमा क्षेत्र के प्रमुख फूल उत्पादन और कारोबार केंद्र हैं. आसपास के गांवों से यहां बड़ी मात्रा में फूल आते हैं और इन्हें आंध्र प्रदेश के अलावा पड़ोसी कर्नाटक और तमिलनाडु के बाजारों में भी भेजा जाता है. इससे किसानों के साथ-साथ व्यापारियों की भी अच्छी कमाई होती है. तिरुपति फूल बाजार के विक्रेता के. हरि ने TNIE को कहा कि करीब 10 दिन पहले फूलों की कीमत 200 से 300 रुपये प्रति किलो थी. त्योहार और शादी का सीजन  शुरू होते ही दाम रोजाना तेजी से बढ़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि वरलक्ष्मी व्रतम से पहले ही खेतों से लेकर थोक खरीदारों और खुदरा विक्रेताओं तक पूरी सप्लाई चेन पर इसका असर दिखने लगा है.

दक्षिण भारत में शादियों से फूलों की मांग बढ़ेगी

कुप्पम के फूल विक्रेता टी. नरेश ने कहा कि अगले हफ्ते भी फूलों के दाम ऊंचे बने रह सकते हैं, क्योंकि दक्षिण भारत में शादियों का मुख्य सीजन शुरू हो रहा है. उन्होंने कहा कि वरलक्ष्मी व्रतम के दौरान मांग अचानक बढ़ी थी, लेकिन शादी के सीजन में आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना और तमिलनाडु में फूलों की मांग लगातार बनी रहने की उम्मीद है. नरेश के मुताबिक, चित्तूर-तिरुपति-कुप्पम बेल्ट के फूल उत्पादकों को फायदा मिल सकता है. शादी के सीजन में किसान बेंगलुरु, चेन्नई, विजयवाड़ा और विशाखापत्तनम जैसे बड़े बाजारों में फूल भेजकर बेहतर कमाई कर सकते हैं.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 28 Aug, 2026 | 02:05 PM

लेटेस्ट न्यूज़