पीएम किसान योजना से 16 लाख नाम कटे, सरकार ने बताया फिर से नाम जोड़ने का तरीका.. पढ़ें डिटेल्स

PM Kisan Samman Nidhi: उत्तर प्रदेश के 16.98 लाख किसानों के नाम पीएम किसान योजना से काट दिए गए हैं. सरकार ने कहा है कि जो लाभार्थी योजना से हटाए गए हैं वे आधिकारिक पीएम किसान पोर्टल पर मांगी गई सही सूचना और दस्तावेज अपडेट करें. इसके लिए अंतिम तारीख भी तय कर दी गई है.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Published: 19 Apr, 2026 | 05:50 PM

PM Kisan Yojana News: पीएम किसान सम्मान निधि योजना से बड़ी संख्या में लाभार्थियों के नाम काटे गए हैं. उत्तर प्रदेश के 16 लाख से अधिक किसान अपात्र पाए गए हैं, जिन्हें योजना की किस्त पाने से रोक दिया गया है. उत्तर प्रदेश सरकार ने इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर किसानों को सूचना दी है. राज्य सरकार की ओर से कहा गया है कि कई मामलों में गलत तरीके से योजना का लाभ लेते किसान पाए गए हैं, जिन्हें योजना से बाहर किया गया है. हालांकि, ऐसे किसानों को फिर से योजना का लाभ पाने और रोकी गई किस्तें हासिल करने का रास्ता बताया गया है.

16.98 लाख किसानों के नाम काटे गए

उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार भारत सरकार की ओर से प्रदेश के लगभग 16,98,939 किसान परिवारों की सूचनाएं अपूर्ण पाए जाने पर पीएम किसान सम्मान निधि की किस्तों के भुगतान पर रोक लगाई गयी है. इन लाभार्थियों के मूल्यांकन और सत्यापन करने के बाद योजना के तहत दी गईं जानकारियां गलत और अपूर्ण पाई गई हैं, जिसके बाद ऐसे लाभार्थियों को योजना से हटा दिया गया है.

11 लाख किसानों ने सही डिटेल्स दर्ज नहीं कराईं

सरकार की ओर से कहा गया है 11,42,268 परिवारों की ओर से पहले पीएम किसान सम्मान किसान निधि योजना के लिए कराए गए पंजीकरण में भू-धारक की सही डिटेल्स दर्ज नहीं कराई गई हैं. जिसके बाद ऐसे लाभार्थियों के नाम पात्रता सूची से काटे गए हैं और किस्त का लाभ देने से रोक दिया गया है.

2.73 लाख लाभार्थियों ने आवेदन में एक जमीन से लाभ उठाया

नोटीफिकेशन के अनुसार 2,73,154 किसान परिवार ऐसे पाए गए हैं जो एक ही भूमि पर पूर्व एवं वर्तमान भू-स्वामी योजना का लाभ ले रहे हैं. ऐसे मामलों में लाभार्थियों के नाम काटे गए हैं. वहीं, 2,83,517 लाभार्थी किसानों को 01 फरवरी 2019 के बाद भूमि वरासत के अतिरिक्त अन्य स्रोतों से कमाई हासिल हुई है, जिसके चलते ऐसे लाभार्थी योजना के नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए गए हैं और इन लाभार्थियों को योजना से हटा दिया गया है.

पोर्टल पर तुरंत अपडेट करें डिटेल्स

उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से कहा गया है कि जो लाभार्थी योजना से हटाए गए हैं वे आधिकारिक पीएम किसान पोर्टल पर मांगी गई सही सूचना और दस्तावेज अपडेट करें और पीएम किसान सम्मान निधि की रुकी हुई किस्तें हासिल करें. बता दें कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजनांतर्गत 6000 रुपये की वार्षिक धनराशि तीन समान किस्तों में किसानों के आधार आधारित बैंक खाते में सीधे भेजी जाती है.

पीएम किसान योजना का लाभ लेने के लिए जरूरी बातें

  1. यूपी सरकार की ओर से कहा गया है कि पीएम किसान योजना का लाभ लेने के लिए विस्तृत जानकारी के लिए क्षेत्रीय कृषि विभाग के कार्मिकों अथवा जनपदीय उप कृषि निदेशक कार्यालय से संपर्क करें.
  2. किसान परिवारों से अनुरोध है कि वे अपनी रुकी हुई किस्त प्राप्त करने के लिए अपना कृषक पंजीकरण (Farmer Registry) अनिवार्य रूप से करा लें.
  3. भारत सरकार के पोर्टल https://pmkisan.gov.in/SearchBeneficiaryinformationUpdate.aspx पर उपलब्ध “अपडेट मिसिंग इन्फार्मेशन” (Update missing information) के अंतर्गत स्वयं अथवा नजदीकी जनसेवा केंद्र के माध्यम से सूचनाएं एवं वांछित दस्तावेजों को दिनांक 30 अप्रैल 2026 तक अवश्य अपलोड/अद्यतन कराएं.
  4. 30 अप्रैल के बाद अपडेशन से अवशेष प्रकरणों को भारत सरकार के पोर्टल से हटा दिया जाएगा और भविष्य में किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त नहीं कर सकेंगे.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

ज्ञान का सम्मान क्विज

भारत की सबसे छोटी गाय नस्ल का नाम क्या है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
उत्तर प्रदेश
विजेताओं के नाम
कन्हैया कुमार रंजन, समस्तीपुर, बिहार

लेटेस्ट न्यूज़