बारिश में गाय-भैंस का दूध घटने से बचाएं, अपनाएं आसान उपाय और पशुओं को रखें हमेशा स्वस्थ

Animal Health: मॉनसून के दौरान पशुपालन करने वाले किसानों के लिए एक बड़ी चुनौती सामने आती है. इस मौसम में लगातार बारिश और कीचड़ के कारण गाय और भैंसों के खुरों में संक्रमण तेजी से फैलता है. पशु चिकित्सक कुंवर घनश्याम (KVK Noida) के अनुसार यह समस्या छोटी लग सकती है, लेकिन समय रहते ध्यान न देने पर यह पशुओं की सेहत और दूध उत्पादन दोनों को प्रभावित कर सकती है.

मॉनसून में क्यों बढ़ती है खुर सड़न की समस्या

बरसात के मौसम में पशुशालाओं और आसपास के इलाकों में पानी और गंदगी जमा हो जाती है. ऐसे वातावरण में पशु लंबे समय तक खड़े  रहते हैं तो उनके खुरों के बीच की त्वचा नरम होकर सड़ने लगती है. शुरुआत में हल्की लंगड़ाहट दिखाई देती है, लेकिन धीरे-धीरे संक्रमण बढ़ने पर पशु को चलने में काफी दर्द होता है. कई बार खुरों से बदबू और सूजन भी देखने को मिलती है, जो गंभीर संक्रमण का संकेत होता है.

लापरवाही से घटता है दूध उत्पादन

विशेषज्ञों के अनुसार जब पशु दर्द में होता है तो उसकी भूख कम हो जाती है. वह ठीक से चारा नहीं खा पाता, जिससे शरीर कमजोर होने लगता है. इसका सीधा असर दूध उत्पादन  पर पड़ता है. किसानों को अक्सर लगता है कि बारिश के कारण दूध कम हो रहा है, जबकि असली वजह खुर सड़न जैसी बीमारियां भी हो सकती हैं. इसलिए मानसून में पशुओं की विशेष देखभाल बेहद जरूरी है.

साफ-सफाई और देखभाल से बचाव संभव

पशुशाला को हमेशा साफ और सूखा रखना इस बीमारी से बचाव का सबसे आसान तरीका है. जहां पशु बांधे जाते हैं वहां पानी जमा नहीं होने देना चाहिए. यदि फर्श कच्चा हो तो उस पर सूखी मिट्टी या बालू डालकर नमी कम की जा सकती है. नियमित रूप से चूने का छिड़काव करने से संक्रमण फैलाने  वाले बैक्टीरिया कम हो जाते हैं. इसके अलावा पशुओं के खुरों को साफ पानी से धोकर अच्छी तरह सुखाना भी जरूरी है.

संतुलित आहार और नियमित निगरानी जरूरी

पशुओं को कीचड़ वाले स्थानों पर अधिक देर तक चराने से बचना चाहिए. चराई के बाद यदि खुरों में मिट्टी या गोबर चिपक जाए तो उसे तुरंत साफ करना चाहिए. विशेषज्ञों के अनुसार संतुलित आहार  देना भी बहुत जरूरी है, जिसमें हरा चारा, सूखा चारा और खनिज मिश्रण शामिल हो. इससे पशुओं की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है और वे बीमारियों से बेहतर तरीके से लड़ सकते हैं. नियमित निगरानी और छोटी सावधानियों से किसान अपने पशुओं को स्वस्थ रख सकते हैं और दूध उत्पादन में गिरावट से बच सकते हैं.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 20 Jun, 2026 | 07:34 PM

लेटेस्ट न्यूज़